Vande Bharat Train : वंदे भारत ट्रेन की धांसू स्पीड ने बुलेट ट्रेन को पछाड़ा, सिर्फ 52 सेकेंड में 100Kmph की रफ्तार

Vande Bharat Express : तीसरी और नई वंदे भारत एक्सप्रेस ने ट्रायल रन के दौरान केवल 52 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की गति तक की रफ्तार तय करके बुलेट ट्रेनों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि फोटोकैटलिटिक एयर प्यूरीफायर सिस्टम नई वंदे भारत ट्रेन को कोरोना सहित हवा से फैलने वाली तमाम बीमारियों से मुक्त करेगा। बता दें कि भारत की यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन अगले कुछ हफ्तों में अहमदाबाद-मुंबई रूट पर चलने के लिए तैयार हो चुकी है।

ट्रायल रन के परिणामों का ऐलान करते हुए रेल मंत्री वैष्णव ने कहा, “वंदे भारत ट्रेन का तीसरा परीक्षण गुरुवार को पूरा हो चुका है। इसने 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 52 सेकेंड में तय कर ली, जबकि बुलेट ट्रेन इस रफ्तार को हासिल करने में 54. 6 सेकेंड का वक्त लेती है। इस नई ट्रेन की अधिकतम गति 180 किमी प्रति घंटा की रफ्तार है। पुराने वंदे भारत की अधिकतम गति 160 किमी प्रति घंटे है।”

उन्होंने कहा, ”आरामदायक यात्रा के लिए इस ट्रेन में कई विशेषताएं हैं। गुणवत्ता और सवारी सूचकांक में कई सुधार हुआ है। इन मापदंडों पर ट्रेन का स्कोर 3. 2 है जबकि विश्व स्तर पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर 2. 9 है। ” वंदे भारत में नया एसी सिस्टम फोटोकैटलिटिक एयर प्यूरीफायर सिस्टम नई वंदे भारत ट्रेन को कोरोना सहित हवा से फैलने वाली तमाम बीमारियों से दूर रखेगा। रेल मंत्रालय पॉयलेट प्रोजेक्ट के तौर पर नई वंदे भारत में विषाणु रोधक यह सिस्टम लगा रही है।

सफलता मिलने के बाद सभी 400 वंदे भारत में सहित रेलवे की प्रीमियम राजधानी, शताब्दी, दुरंतो सहित अन्य ट्रेनों में इस योजना को लागू किया जा सकता है। ट्रेन ने अंतिम ट्रॉयल पूरा कर लिया है और इसके रूट और चलाने की घोषणा जल्द ही होने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, गुजरात विधानसभा चुनाव को देखते हुए नई वंदे भारत अहमदाबाद-मुंबई के बीच में चलाई जाएगी।