IAS Aarti Dogra: देश की 3.5 फीट की महिला IAS, कभी लोगों ने उड़ाया मजाक, आज कर रहे गर्व! जानिए- संघर्ष की कहानी

IAS Aarti Dogra: आज हम देश की एक ऐसी महिला आईएएस अधिकारी के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आज हर भारतीय की प्रेरणा हैं। उन्होंने साबित कर दिया है कि मेहनत के आगे रूप और कद सब फीका पड़ जाता है। अगर आपके अंदर कड़ी मेहनत करने का जज्बा है तो कद सफलता के आड़े नहीं आ सकता। हम बात कर रहे हैं महज 3.5 फीट लंबी महिला आईएएस आरती डोगरा की। आरती डोगरा ने जो किया है वह काबिले तारीफ है। आइए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं।

आईएएस आरती डोगरा अपने पहले प्रयास में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को क्रैक किया। आरती डोगरा मूल रूप से उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली हैं। वह कर्नल राजेंद्र और कुसुम डोगरा की बेटी हैं। उनकी मां एक स्कूल में प्रिंसिपल हैं।

जब आरती डोगरा का जन्म हुआ था तो डॉक्टर्स ने कहा था कि वह कभी भी सामान्य स्कूल में नहीं पढ़ पाएगी। लेकिन इस बात को धता बताते हुए उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा देहरादून के प्रतिष्ठित गर्ल्स स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक किया।

पहले प्रयास में बन गई IAS : आरती डोगरा को बचपन से ही शारीरिक भेदभाव का सामना करना पड़ा था। लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। आरती ने 2005 में पहली बार यूपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा दी और वह पास होने में सफल रहीं। उन्होंने ऑल इंडिया 56वीं रैंक हासिल की। इस तरह वे 2006 बैच के राजस्थान कैडर की आईएएस बनीं।