पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का निधन, कोरोना संक्रमण के चलते अस्पताल में थे भर्ती

डेस्क : राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का गुरुवार सुबह कोरोना से निधन हो गया। 82 साल के चौधरी अजित सिंह ने गुडगांव के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। बता दे की 20 अप्रैल से कोरोना से संक्रमित थे। फेफड़ों में इन्फेक्शन फैलने से उन्हें निमोनिया भी हो गया था। पिछले दो दिनों से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उनके बेटे चौधरी जयंत सिंह ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।

जाटों के बड़े नेता माने जाते थे अजित सिंह का दबदबा उत्तर प्रदेश में काफी ज्यादा था। वे जाटों के बड़े नेता माने जाते थे। वे कई बार केंद्रीय मंत्री भी रहे थे। लेकिन, पिछले 2 लोकसभा चुनाव और 2 विधानसभा चुनावों के दौरान राष्ट्रीय लोकदल का ग्राफ तेजी से गिरा। यही वजह रही कि अजित सिंह अपने गढ़ बागपत से भी लोकसभा चुनाव हार गए। अजित सिंह के पुत्र जयंत चौधरी भी मथुरा लोकसभा सीट से चुनाव हार गए थे।

PM, रक्षा मंत्री समेत कई नेताओं ने जताया शोक : RLD प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन पर देशभर के नेताओं ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा “पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!” साथ ही रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, बसपा नेता मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए चौधरी अजित सिंह को श्रद्धांजलि दी।