न्यूज़ डेस्क : भारतीय फिल्म क्षेत्र से एक चौंका देने खबर सामने आई है। एक जमाने से सबको अपनी गायकी का दीवाना बनाने वाली सबकी चहेती लीजेंडरी सिंगर लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) कोरोना संक्रमित हो गई हैं। इन्हें स्वर कोकिला के नाम से भी जाना जाता है। जिन्हें आज भी फैंस उतना ही पसंद करते हैं। लता मंगेशकर 92 साल की हो चुकी है और उनकी उम्र को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना ज्यादा सुरक्षित माना गया है।
गायिका के परिवार वालों का कहना है कि ‘दीदी में कोरोना के लक्षण कम है। हालांकि, उनके उम्र को ध्यान में रखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना ज्यादा सुरक्षित समझा गया। इसके लिए डाक्टर से भी सलाह लिया गया और फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती हैं। हॉस्पिटल अथॉरिटी के मुताबिक, उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है जो कि फैंस के लिए राहत भरी बात है।
लता मंगेशकर के महामारी से संक्रमित होने की ख़बर बड़ी-ही तेज़ी से पूरी इंडस्ट्री में फैल गई और फिल्म जगत के सभी सितारों सहित फैंस उनके जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे हैं। बता दें, कि कोरोना वायरस ने ना केवल मुंबई, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में तहलका मचा रखा है। सोमवार को महाराष्ट्र में कोरोना के 33,470 नए मामले सामने आए। वहीं 8 लोगों की मौत हो गई। जिसमें सिर्फ मुंबई में 13,648 मामले पाए गए थे और पांच लोगों की जानें गई। बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटी भी इसके चपेट में आ चुके हैं। कई ठीक भी हो गए और कई अब भी इसके खिलाफ़ लड़ाई लड़ रहे हैं।
लता मंगेशकर गायिकी की दुनियां में एक ऐसा नाम है, जिसे टक्कर दे पाना शायद ही किसी के बस की बात है। 28 सितंबर साल 1929 को वह पैदा हुई लता जी भारत सहित विदेशों में भी बड़ी ही लोकप्रिय रही हैं। फिल्म जगत में उनके महत्त्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें कई सारे अवॉर्ड भी मिले हैं। जिनमें भारत रत्न, दादा साहब फाल्के सहित कई नेशनल एवं इंटरनेशनल पुरस्कार से भी उन्हें सम्मानित किया गया है। साथ ही गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी लता मंगेशकर के नाम शामिल हैं।