कर्मचारियों की बल्ले बल्ले! दिवाली पर एक माह के वेतन के बराबर मिलेगा बोनस…

डेस्क : केंद्रीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार की ओर से बड़ा तोहफा मिला है। दिवाली पर कर्मचारियों के लिए बोनस की घोषणा की गई है। केंद्र के कर्मचारियों को वित्त मंत्रालय द्वारा गैर-उत्पादकता से जुड़ा बोनस (तदर्थ बोनस) दिया जाएगा। इस बोनस में कर्मचारियों को 30 दिन के वेतन के हिसाब से पैसा दिया जाएगा। इसमें केंद्र सरकार के ग्रुप सी और ग्रुप बी श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं।

किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ? : ग्रुप बी और ग्रुप सी में आने वाले केंद्र सरकार के अराजपत्रित कर्मचारियों को भी बोनस दिया जाएगा। ये वे कर्मचारी हैं जो किसी प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस योजना के अंतर्गत नहीं आते हैं। तदर्थ बोनस का लाभ केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के कर्मचारियों को भी दिया जाएगा। इसके अलावा अस्थायी कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

तदर्थ बोनस कैसे तय किया जाएगा? : बोनस की गणना कर्मचारियों के औसत वेतन के आधार पर, गणना की गई सीमा के अनुसार, जो भी कम हो, के आधार पर की जाती है। 30 दिनों का मासिक बोनस लगभग एक महीने के वेतन के बराबर होगा। उदाहरण के तौर पर अगर किसी कर्मचारी को 7000 रुपये मिल रहे हैं तो उसका 30 दिन का मासिक बोनस करीब 6908 रुपये होगा। इसमें गणना के हिसाब से 7000*30/30.4 = 6907.89 रुपये (6908 रुपये) बनेगा। ऐसे बोनस का लाभ केंद्र सरकार के उन कर्मचारियों को ही मिलेगा जो 31 मार्च 2021 को सेवा में रहे हैं। वर्ष 2020-21 के दौरान लगातार कम से कम छह माह की ड्यूटी दी गई है। तदर्थ आधार पर नियुक्त अस्थायी कर्मचारियों को भी यह बोनस मिलेगा। हालांकि, इस बीच सेवा में कोई विराम नहीं होना चाहिए।