Desk : शाहरूख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘पठान’ इन दिनों विवादों में है। फिल्म के पहले गाने ‘बेशर्म रंग’ को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स जमकर बवाल कर रहे हैं। गाने में एक्ट्रेस दीपिका की ड्रेस के भगवा रंग को लेकर विरोध हो रहा है। लोग फिल्म पठान में भगवा रंग का अपमान करने का आरोप लगा रहे हैं। जिस रंग को लेकर विरोध हो रहा है बॉलीवुड में दीपिका से पहले भी कई एक्ट्रेस इस रंग की ड्रेस पहन चुकी हैं।
पहले भी भगवा पहन चुकी हैं दीपिका पठान फिल्म के पहले गाने ‘बेशर्म रंग’ में दीपिका और शाहरूख की कमेस्ट्री लोगों को बहुत पसंद आ रही हैं। विरोध के बावजूद ये गाना यूट्यूब पर टॉप कर रहा है। कॉकटेल पार्टी की थीम के साथ शूट हुए इस गाने में दीपिका ने सैफ्रॉन रंग की बिकिनी ड्रेस पहनी है। इससे पहले एक्ट्रेस ने अपनी एक अन्य फिल्म ‘कॉकटेल’ में बीच साइड पर भगवा रंग की ही बिकिनी पहनी थी और इस दौरान उनका सैफअली खान के साथ किसिंग सीन भी था। लेकिन, तब इस फिल्म और एक्ट्रेस के बिकिनी कलर को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ था।
कटरीना और वाणी भी बीच पर पहन चुकी हैं भगवा : ऋतिक रोशन की फिल्म ‘वॉर’ के गाने ‘घुंघरू टूट गए’ में एक्ट्रेस वाणी कपूर ने भी भगवा रंग की बिकिनी पहनी थी। इस गाने में ऋतिक और वाणी के किलर डांस मूव ने लोगों का दिल जीत लिया था। वहीं ‘बार-बार देखो’ फिल्म के गाने ‘आंखों को तेरी आदत है’ में कैटरीना कैफ ने भी भगवा रंग की बिकिनी पहनी, जिसपर न तो कोई विवाद उठा और न ही फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग हुई।
बिकिनी के अलावा भगवा साड़ी में भी नजर आईं एक्ट्रेस : एक्ट्रेस को भगवा रंग की बिकिनी में ही नहीं साड़ी में भी खूब देखा गया। बिकिनी लुक से पहले एक्ट्रेस ने भगवा साड़ी पहनकर अपनी कातिल अदाओं से लोगों को दीवाना बनाया। मुमताज से लेकर डिंपल कपाड़िया तक, काजोल से लेकर रवीना टंडन तक हर दौर में एक्ट्रेस ने भगवा साड़ी में लोगों पर अपने हुस्न की बिजलियां गिराईं।
पुराने दौर में भी भगवा रंग पहन एक्ट्रेस ने बिखेरा अपना जलवा : बॉलीवुड के एवर ग्रीन सांग ‘ आज-कल तेरे मेरे प्यार के चर्चे हर जुबान पर..’ गाने में मुमताज का भगवा साड़ी पहनना और ‘जाने दो ना’ गाने में डिंपल कपाड़िया और ऋषि कपूर के रोमांस के खूब चर्चे हुए थे। इन सबके बीच ‘हाय हाय ये मजबूरी’ गाने में जीनत अमान के बारिश में कातिलाना मूव्स को कोई कैसे भूल सकता है।