Tejasvi Yadav ने 10 हजार और नौकरी देने का किया ऐलान, BJP से पूछा- ‘गिनती आती है क्या ?

डेस्क : बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने रोजगार के मसले पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर रविवार को फिर हमला किया। BJP द्वारा रोजगार दिए जाने से जुड़े एक सवाल के जवाब में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि लगता है कि BJP वालों को गिनती नहीं आती है। बिहार में महागठबंधन की सरकार आने के 3 महीने के अंदर ही नियुक्ति पत्र बंटने शुरू हो गए हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि 16 नवंबर को हमारी सरकार और 10 हजार लोगों को नौकरी देने जा रही है।

केंद्र ने 8 साल में कितनी नौकरियां दीं?
तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने 8 साल में हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा था। उन्होंने BJP से सवाल किया है कितनी नौकरी अबतक दी गयी। तेजस्वी यादव ने कहा कि अपनी कमियां छिपाने के लिए BJP वाले मुद्दे से भटका रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता BJP की सच्चाई जान चुकी है।

मुख्यमंत्री से नियुक्ति पत्र लेंगे साढ़े दस हजार पुलिसकर्मी

बिहार पुलिस के लिए चुने गए करीब साढ़े 10 हजार पुलिसकर्मी वर्किंग यूनिफार्म में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों नियुक्ति पत्र लेंगे। सभी को टेरीकाट का खाकी शर्ट-पैंट पहनकर राजधानी पटना आने का आदेश दिया गया है। कार्यक्रम का आयोजन गांधी मैदान में 16 नवंबर को होना हैं।

पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार, कुल 2213 दारोगा और सार्जेंट की वर्दी एक जैसी होगी। यह सभी खाकी शर्ट-पैंट के अलावा भूरे रंग का यूनिफार्म जूता, खाकी मोजा और चमड़े का भूरा बेल्ट, बिहार पुलिस का लोगो, हिंदी और अंग्रेजी में लिखे नेम प्लेट, बैरेट कैप आदि पहनकर आएंगे। वहीं सिपाही के लिए खाकी शर्ट-पैंट के साथ चमड़े का काला जूता और उजला मोजा के साथ खाकी वेब बेल्ट पर रहेगा। सिपाहियों की बैरेट टोपी अब अलग-अलग रंगों की होगी। जिला बल के जवानों के लिए लाल, सैन्य पुलिस के लिए हरा और रेल पुलिस को बैंगनी टोपी लगाकर नियुक्ति पत्र लेके आना है।