डेस्क : राज्यसभा में नवनिवार्चित भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने निर्वाचन के बाद सबसे पहला काम अपना सरकारी बंगला पांच देशरत्न खाली कर दिया है। मालूम हो कि यह बंगला बिहार सरकार ने उपमुख्यमंत्री के लिए आवंटित कर रखा है। तेजस्वी प्रसाद यादव के बाद उपमुख्यमंत्री के रूप में सुशील कुमार मोदी पांच देशरत्न मार्ग में आए थे। जैसे ही मोदी राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए, उन्होंने सरकारी आवास खाली कर दिया।तत्काल वे विधान पार्षदों के लिए बने आवासीय परिसर के आवास संख्या 52 में रहेंगे।
राज्यसभा सांसद बनते ही सुशील मोदी बिहार के तीसरे ऐसे नेता हो गये हैं, जो चारों सदनों, लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य हुए हैं। इसके पहले लालू प्रसाद और नागमणि चारों सदनों से सदस्य हुए थे। राज्यसभा सदस्य मनोनीत होने के बाद बधाई देने वालों का तांता सा उमड़ पड़ा। चर्चाओं के बाजार में ऐसे कयास लगाए जा रहे है कि उन्हें दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का बंगला ही मिल सकता है।
फ़िलहाल वे अपने सरकारी आवास को खाली कर आवास संख्या 52 में शिफ्ट होने वाले है। क्योंकि उनके निजी कर्मी व सहयोगी इसी परिसर से काम करते देखे गए है। जानकारी के अनुसार सुशील मोदी को वहीं 12 जनपथ का बंगला मिलेगा, जिसमें रामविलास पासवान रहा करते थे। हालांकि आवंटन के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।