मधुबनी हत्याकांड का मुख्य आरोपी प्रवीण झा हुआ नेपाल से गिरफ्तार, अन्य कई आरोपियों को भी पुलिस ने पकड़ा…

बिहार सरकार के लिए सरदर्द बन चुके मधुबनी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कारवाई की है। बिहार पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रवीण झा तथा उसके 4 साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एडीजी मुख्यालय ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। गौरतलब है कि इस हत्याकांड के बाद से मुख्य आरोपियों के गिरफ्तारी नहीं होने की वजह से समूचा विपक्ष सरकार पर हमलावर था।

नेपाल से हुआ गिरफ्तार- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रवीण झा को नेपाल से गिरफ्तार किया गया है। प्रवीण झा के साथ इस हमले में नामजद अन्य आरोपितों चंदन झा, भोला सिंह, कमलेश सिंह, तथा मुकेश साफी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इससे पहले भी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। स्थानीय लोगों तथा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी आरोप लगाया था कि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी प्रवीण झा अपने साथियों के समेत नेपाल फरार हो गया है।

35 लोगों पर हुई है नामजद एफआईआर- 29 मार्च यानी कि होली के दिन मधुबनी के महमदपुर गाँव मे 5 लोगों की हत्या के मामले में 35 लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश के मुताबिक इस मामले में मुख्य आरोपियों प्रवीण झा तथा नवीन झा के घर पर कुर्की की कारवाई की है। पुलिस के मुताबिक 10 अन्य आरोपियों के घर भी कुर्की की जानी है। पुलिस ने इस मामले में 35 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है , तथा चेतावनी दी है कि सरेंडर नहीं करने पर सभी आरोपियों के घरों की कुर्की की जाएगी।