न्यूज़ डेस्क : अब वह दिन दूर नहीं जब उत्तरी बिहार के लोगों को दरभंगा एयरपोर्ट से सीधे विदेश के लिए फ्लाइट मिल सकेंगे। बता दें कि अब जल्द ही दरभंगा एयरपोर्ट से दुबई के लिए फ्लाइट मिल सकेगी। क्योंकि, अगले महीने जुलाई से स्पाइसजेट और इंडिगो एयरलाइंस दोनों ही दुबई के लिए उड़ान सेवा शुरू करने जा रहे हैं। स्पाइस जेट तीन जुलाई से वाया मुंबई फ्लाइट सर्विस शुरू कर रहा है। वहीं इंडिगो एयरलाइंस पांच जुलाई से वाया हैदराबाद विमान सेवा शुरू करेगा।
दोनों ही कंपनियों की ऑफिशियल साइट पर दुबई के लिए टिकट की बुकिंग शुरू है। स्पाइस जेट का किराया 10,504 रुपये और इंडिगो का किराया 14,142 रुपये रखा गया है। जानकारी के अनुसार इसमें स्पाइजेट के यात्री दरभंगा से सीधे मुंबई जाएंगे वहां से फ्लाइट बदलकर दुबई रवाना होंगे। वहीं इंडिगो की फ्लाइट से यात्री पहले हैदराबाद जाएंगे फिर वहां से दूसरे विमान में दुबई के लिए रवाना होंगे।
जानिए इंडिगो फ्लाइट का शिड्यूल: बता दें की इंडिगो पांच जुलाई को दरभंगा से हैदराबाद के लिए दोपहर 12:45 बजे उड़ान भरेगा। और दोपहर 2:45 बजे वहां लैंड करेगा। वही छह जुलाई की दोपहर 1:55 बजे दूसरे विमान से उड़कर यात्री शाम 4:30 बजे दुबई पहुंचेंगे। वहीं दुबई से दरभंगा आने के लिए यात्री इंडिगो का विमान पांच जुलाई की शाम 05:55 बजे पकड़ेंगे। विमान रात 11:20 बजे हैदराबाद पहुंच जायेगा। फिर अगले दिन छह जुलाई की सुबह 10:15 बजे दूसरे विमान से यात्री दोपहर 12:15 बजे दरभंगा पहुंचेंगे।
स्पाइसजेट फ्लाइट का शेड्यूल: बता दे की स्पाइसजेट 3 जुलाई को दरभंगा से मुंबई के लिए दोपहर 02:30 बजे रवाना होगा। वहां पहुंचने पर देर रात 11:30 बजे दुबई के लिए फ्लाइट मिलेगी। विमान दो घंटे बाद 01:30 बजे दुबई पहुंच जायेगा। स्पाइस जेट के यात्री अहमदाबाद, दिल्ली होते हुए भी दुबई की हवाई यात्रा कर सकेंगे।