डेस्क : करीब 3 महीने की राजनीतिक बयानबाजी और अटकलों के दौर के बाद आज नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है। मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन आज दोपहर 12:30 बजे राज भवन में किया जाएगा। इस मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा कोटे से 9 मंत्री और जदयू कोटे से 8 मंत्री शपथ लेंगे।
शाहनवाज समेत ये चेहरे बनेंगे मंत्री- भाजपा कोटे के 9 मंत्रियों में से एक चेहरा शाहनवाज हुसैन का पक्का माना जा रहा है। शाहनवाज हुसैन मंगलवार सुबह दिल्ली से पटना आ रहे हैं। शाहनवाज हुसैन के अलावा नितिन नवीन, नीरज कुमार, सम्राट चौधरी, नीतीश मिश्रा, सुभाष सिंह, भागीरथी देवी , रामविचार राय तथा राणा रणधीर सिंह के मंत्रिमंडल में शामिल होने की उम्मीद है।
जदयू कोटे से ये बनेंगे मंत्री- जदयू के कोटे से बसपा छोड़ जदयू में आये ज़मां खान को भी मंत्री बनाया जाएगा। इनके अलावा श्रवण कुमार, लेसी सिंह, महेश्वर हजारी, संजय झा, सुमित सिंह, जयंत राज, सुनील कुमार, और मदन सहनी को मंत्री बनाया जा सकता है।
विपक्ष साध रहा था निशाना- गौरतलब है कि मंत्रिमंडल विस्तार में देरी पर विपक्ष नीतीश सरकार पे हमलावर था। बिहार कैबिनेट में कुल 36 मंत्री बनाये जा सकते हैं लेकिन नीतीश कुमार सिर्फ 14 मंत्रियो के साथ ही कामकाज देख रहे थे। इस मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कैबिनेट में कुल 31 मंत्री हो जाएंगे।