चिराग पासवान को बड़ा झटका, भाजपा में शामिल होंगे लोजपा के 200 से अधिक नेता..

डेस्क : बिहार में इस वक्त चिराग पासवान सबसे अकेले नेता पड़ गए हैं। जदयू के बाद अब भाजपा ने भी चिराग को तगड़ा झटका दिया है। आज लोजपा के करीब 200 से अधिक नेता भाजपा में शामिल होंगे। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में चिराग ने एकतरफा प्रेम दिखाते हुए नीतीश के खिलाफ उम्मीदवार उतारे थे और भाजपा के उम्मीदवारों का समर्थन किया था।

पश्चिम चंपारण के नेता थामेंगे भाजपा का दामन- मंगलवार को पश्चिम चंपारण लोजपा के तकरीबन 200 से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाजपा में शामिल होंगे। इनमें लोजपा पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामनन्द चौरसिया, पूर्व उपाध्यक्ष राधेश्याम , पूर्व प्रदेश महासचिव विश्वनाथ प्रसाद कुशवाहा समेत पाँच प्रखंडों के अध्यक्ष के अलावा 150 से अधिक पंचायत के अध्यक्ष शामिल हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल की उपस्थिति में ये सभी नेता आज भाजपा का दामन थाम लेंगे।

चिराग करते थे भाजपा पे भरोसा- बिहार विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान ने खुद को हनुमान और नरेंद्र मोदी को उनका राम बताया था। लेकिन, अब लगता है चिराग पासवान के राम ने उनको धोखा दे दिया है। गौरतलब है की बिहार विधानसभा चुनाव में चिराग ने भाजपा का समर्थन और जदयू का विरोध किया था। चिराग पासवान की वजह से विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार को काफी नुकसान झेलना पड़ा था।

चिराग के लिए बड़ा झटका- इन नेताओं का भाजपा में जाना चिराग के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है ,क्योंकि हाल फिलहाल में लोजपा के कई बड़े नेताओं ने जदयू भाजपा समेत अन्य पार्टियों का दामन थाम लिया है। अभी कुछ दिन पहले लोजपा के 208 नेताओं ने चिराग का साथ छोड़ जदयू का दामन थाम लिया था। लोजपा के नेताओं के इस तरह से पार्टी छोड़कर अन्य पार्टियों में चले जाने से चिराग का कुनबा कमजोर होते जा रहा है।