Monsoon Update: आज से देश में मानसून देगा दस्तक, जानें बिहार में कब पहुंचेगा

न्यूज़ डेस्क : देश में मॉनसून दो दिन की देरी से 3 जून को केरल से दस्तक देगा। बता दें कि इससे पहले मौसम विभाग ने 31 मई को केरल पहुंचने की संभावना जताई थी। हालांकि, इसमें भी 4 दिन आगे पीछे होने का अनुमान था। ये अंडमान निकोबार द्वीप समूह के आसपास पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के तीन जून को केरल पहुंचने की स्थितियां राज्य में बननी शुरू हो गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को बताया कि केरल में बारिश में वृद्धि हुई है। और दक्षिण अरब सागर के निचले स्तरों में पछुआ हवाएं चल रही हैं। उपग्रह से हासिल तस्वीरों के अनुसार, केरल तट और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में बादल छाए हुए हैं। आगे आईएमडी ने कहा कि केरल में अगले 24 घंटे में बारिश के और बढ़ने से स्थिति के मॉनसून के अधिक अनुकूल होने का पूर्वानुमान है।

जानें- बिहार में कब तक पहुंच सकता है मानसून मौसम विभाग की माने तो मानसून केरल से दस्तक देने के बाद आगे बढ़ेगा। इसके बाद मानसून अलग अलग राज्य होते हुए बिहार और झारखंड की ओर रुख करेगा। बता दें कि बिहार में समान्यत: जून से लेकर सितंबर तक मानसून की बारिश होती है। लेकिन, इस साल सामान्य से अधिक बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, इस बार बिहार में मानसून 14 जून को आने के आसार है।

जानें- इस बार कैसा रहेगा मानसून? बता दें कि इस साल भारत में मॉनसून के सामान्य रहने की उम्मीद है। ये लगातार तीसरा साल है। जब मॉनसून के सामान्य रहने की संभावना है। एक रिपोर्ट्स के मुताबिक पूरे भारत में मानसून के 4 महीनों के दौरान औसत 880.6 मिलीमीटर बारिश होती है। जिसे लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) कहते हैं। यानी 880.6 मिलीमीटर बारिश को 100 फीसद माना जाता है। इस साल 907 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है। यानी पूरे देश में मानसून सामान्य या बेहतर रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि देश के पूर्वी और उत्तर पूर्वी भागों को छोड़कर सभी इलाकों में सामान्य वर्षा होगी। हालांकि, ओडिशा, बंगाल, झारखंड और बिहार के साथ साथ उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों में सामान्य से थोड़ी कम बारिश होने के आसार हैं।