डेस्क : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी ने राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीम और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य को एक बार फिर से धमकी दे डाली है। इस बार दीपा ने रोहिणी का मुंह नोच लेने की धमकी दी है। जी हां…यह कोई होली का मजाक नहीं, बल्कि रोहिणी को दी गई रियल धमकी है। दीपा माझी ने ट्विटर पर कई बातें लिखी है, जिनमें उनके निशाने पर खासतौर से रोहिणी आचार्य हैं जो इस वक्त सिंगापुर में रह रही हैं।
दरअसल, बिहार विधानसभा में पिछले दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के बीच बहस बाजी हो गई थी। जिसकी गूंज विधान परिषद में भी सुनाई दी। इसी दौरान राबड़ी देवी ने मंत्री अशोक चौधरी को मुख्यमंत्री का दलाल कह दिया। तब जदयू नेता चौधरी ने राबड़ी देवी पर हमला बोला था और राबड़ी देवी की शिक्षा पर उन्होंने सवाल खड़े करते हुए टिप्पणी की थी। राजद ने इसे राबड़ी देवी और बिहार की समस्त महिलाओं का अपमान बताया था। इसके बाद रोहिणी आचार्य ने मंत्री को आड़े हाथों लेते हुए मुझे पलटू राम यानी कि नीतीश कुमार की दलाली का फर्ज अदा करने का आरोप लगाया था।
दीपा ने रोहिणी पर निशाना साधते हुए भाषा की मर्यादा को तोड़ते हुए लिखा, ‘का हो सिंगापुरिया कभी दलित के चोर बोलती हो कभी दलाल बोलती हो, सुधरोगी कि नहीं? मन में जो आएगा ऊ बोलोगी और हमनी दलित चुप बईठेंगे? ई जंगलराज नहीं है जब तुम लोग दलित नरसंहार कराकर चारा का दलाली खाते थे, अब दलितों को कोई अपमान करेगा तो उसका मुंह भकोर लिया जाएगा। समझी कि नहीं?’ बता दें कि इससे पहले भी दीपा रोहिणी आचार्य पर निशाना साध चुकी हैं। वह पहले लालू यादव की बेटी को ‘सिंगापुरिया महारानी’ और ‘लबरी’ कह चुकी हैं। वहीं एक बार उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए उन्हें ‘लबरी का भाई लबरा’ कहा था।