आयुषी नंदन: दुधवाले की बेटी बनी Bihar 12th टॉपर, कहा- सोचा नहीं था कि…

आयुषी नंदन: मंगलवार को बिहार बोर्ड ने 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया। शिक्षा मंत्री ने इसकी घोषणा की है। इस रिजल्ट ने खगड़िया वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है, खगड़िया की रहने वाली आयुषी नंदन (Ayushi Nandan) ने साइंस स्ट्रीम में टॉप किया है। आयुषी को 94.8% अंक मिले हैं, आर लाल कॉलेज की छात्रा आयुषी अपनी इस उपलब्धि से बेहद खुश है, उसने अपने माता-पिता सहित पूरे बिहार का नाम रोशन किया है।

तिलक लगा कर माता-पिता ने उतारी आरती : आयुषी के माता-पिता ने बेटी को तिलक लगाकर आरती उतारी और मिठाई खिलाई। इस दौरान आयुषी को बधाई देने के लिए लगातार फोन भी आ रहे थे। आयुषी के चेहरे की मुस्कान रुकने का नाम नहीं ले रही थी। इस बार सभी विषयों में लड़कियों ने बाजी मारी है। साइंस, कॉमर्स या आर्ट्स तीनों स्ट्रीम में लड़कियां पहले स्थान पर हैं। इसके लिए शिक्षा मंत्री ने छात्राओं और उनके अभिभावकों को विशेष रूप से बधाई दी है।

आयुषी के पिता का नाम सर्वेश कुमार सुमन है, जो दूध कुटीर उद्योग चलाते हैं। आयुषी की मां का नाम अमीषा कुमारी है जो एक गृहिणी हैं। आयुषी की पढ़ाई घर पर ही हुई है। आयुषी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। दो भाई छोटे हैं। दसवीं की परीक्षा में भी आयुषी बिहार के टॉप टेन में रहीं और खगड़िया की टॉपर बनीं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वह अपने परिवार के साथ गांव और खगड़िया का नाम रोशन करना चाहती हैं।

इस बार छात्राओं ने लहराया परचम : शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। टॉपर को एक लाख रुपये, लैपटॉप और एक ई-रीडर बुक दी जाएगी। इसके अलावा आरपीएस कॉलेज के छात्र नालंदा के हिमांशु दूसरे स्थान पर रहे जबकि प्लस टू अशोक हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र औरंगाबाद के शुभम ने इतने ही अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।