डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने ट्वीट कर कहा, कृषि कानून का विरोध बिचौलियों के लिए परेशान लोग कर रहे…

डेस्क : ट्वीट कर बिहार के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भारत बंद के समर्थन में उतरे राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कृषि कानून से वे लोग परेशान हैं जिन्हें किसानों से अधिक बिचौलियों की चिंता है।वही नवनिर्वाचित भाजपा सांसद व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि भारत बंद के दौरान बिहार में किसान कहीं सडक पर नहीं दिखे। बिहार की जनता ने उस बंद को नकार दिया, जो न किसानों का था, न किसानों के लिए था और न असली किसानों की भागीदारी से संचालित था। आरोप लगाया कि चुनावी हार का बदला लेने के लिए कुछेक स्थानों पर जबरिया लाठी के बल पर बंद कराया गया।

साथ ही, उपमुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि जो लोग कृषि-कानूनों के विरोध में दिल्ली को घेरे पड़े हैं, वे दरअसल बिचौलियों के लिए परेशान हैं। इन कानूनों के लागू होने से किसानों के जीवन में समृद्धि आएगी और देश प्रगति के मार्ग पर बढ़ेगा। मोदी सरकार किसानों के हित में कृषि कानून लाई है। लेकिन विपक्षी दल महज राजनीति के लिए सड़कों पर उतरी। देश-प्रदेश के किसानों ने विपक्षी दलों के भारत बंद को पूरी तरह नकार दिया

वही सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा कि राज्य के किसान सालाना 6 हजार रुपये खाते में पहुंचाने वाली किसान सम्मान योजना और आय दोगुनी करने में सहायक कृषि कानूनों से संतुष्ट हैं। नेता विपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि बंद के दौरान विपक्ष के नेता दिल्ली में छुट्टी मना रहे थे। इससे जाहिर है कि वे इस मुद्दे पर गंभीर नहीं थे। वंशवादी राजनीति के राजकुमार उत्तर बिहार में चमकी बुखार और भीषण बाढ के समय भी बिहार से लापता थे।