न्यूज डेस्क : सोशल मीडिया पर इन दिनों फर्जी आईडी का खेल तेजी से आगे बढ़ रहा है। हर दिन कोई ना कोई इसके शिकार जरूर हो रहे है। इसी बीच साइबर ठगों ने आईपीएस मनु महाराज का फर्जी अकाउंट बना कर लोगों को ब्लैकमेल कर रहा था। उक्त आरोपी युवक छपरा का बताया जा रहा है। हालांकि, समय रहते पुलिस ने इस युवक के चेहरे को बेनकाब कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक सारण के डीआईजी मनु महाराज का नाम इस्तेमाल कर ठगी की कोशिश कर रहे गड़खा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी नवीन कुमार के बेटे मन्नू कुमार को नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
फर्जी अकाउंट से लोगों से पैसे की डिमांड करता था: पुलिस के मुताबिक मन्नू कुमार ने फेसबुक पर डीआईजी मनु महाराज के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाया और खुद को मनु महाराज बताकर कई लड़कियों से दोस्ती कर ली। फिर अश्लील मैसेज भेजने लगा। मनु महाराज का प्रोफाइल देख काफी तेजी से उसके फॉलोअर बढ़ने लगे। जिसका फायदा उठाते हुए मन्नू कुमार ने कई लड़कियों से नौकरी दिलाने का वादा कर दिया। कई जगहों पर आरोपी मन्नू ने पैसे की डिमांड भी की। पैसे की डिमांड पर कुछ लड़कियों को शक हुआ तो खबर असली मनु महाराज को दी। जिसके बाद डीआईजी के आदेश पर आईटी सेल ने इसका पता लगाया और गरखा से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।
डीआईजी मनु महाराज ने बताया: मनु महाराज ने बताया लड़कियों ने खुद ही उनसे संपर्क किया और बताया कि उनके नाम से किसी दूसरे नंबर से अश्लील चैटिंग की जाती है। इस बात पर डीआईजी को आश्चर्य हुआ और लड़कियों की ओर से उपलब्ध कराए गए नंबर की जांच कराई गई तो पता चला कि ट्रूकॉलर पर भी युवक ने मनु महाराज नाम से प्रोफाइल बनाया था। उन्होंने कहा कि इसके अलावा आरोपी ने फेसबुक पर और अन्य सोशल साइट पर उनका नाम इस्तेमाल कर ठगी का धंधा शुरू कर दिया था। जिसके बाद नगर थाना में उन्होंने केस दर्ज करवाया और पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। डीआईजी ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से किसी भी तरह की फर्जी प्रोफाइल का रिपोर्ट उनको जरूर करें।