डेस्क : आज बिहार अपना 109वां स्थापना दिवस मना रहा है। आज ही के दिन 1912 में बंगाल से अलग करके बिहार प्रांत बनाया गया था। बिहार दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू , प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , गृहमंत्री अमित शाह , भारत के उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू , मुख्यमंत्री नीतीश कुमार , नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव , मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई नेताओं ने बिहारवासियों को इसकी शुभकामनाएं दी हैं।
सभी ने दी शुभकामनाएं- राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करते हुए बिहार दिवस पर सभी को, खासकर बिहार के लोगों को बधाई दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में अतीत की धरोहर के साथ वर्तमान का पथ प्रदर्शन भी है। उन्होंने बिहार में अपने राज्यपाल रहने का जिक्र करते हुए कहा कि प्राचीनतम गणतंत्र से महात्मा गांधी के चंपारन सत्याग्रह तक की साक्षी रही इस भूमि पर मुझे राज्यपाल की भूमिका निभाने का सौभाग्य मिला है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट करते हुए बिहार दिवस की राज्य के सभी निवासियों को ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने आगे कहा कि गौरवशाली अतीत और समृद्ध संस्कृति के लिए विशेष पहचान रखने वाला यह प्रदेश विकास के नित नए आयाम गढ़ता रहे। नीतीश कुमार ने ट्वीट करते हुए सभी को बिहार दिवस की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। उन्होंने सभी से आह्वान करते हुए कहा कि विकसित बिहार के सपने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का स्वागत करता हूं।
सभी कार्यक्रम होंगे डिजिटल- बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम इस बार डिजिटल रूप से आयोजित किए जाएंगे। कोरोना का साया दूसरी बार रहने की वजह से इस बार भी सारे कार्यक्रम डिजिटली ही मनाए जाएंगे। सरकार ने इस बार बिहार दिवस का थीम जल , जीवन और हरियाली रखा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़े पैमाने पर बिहार दिवस मनाने की शुरुआत की थी। कोरोना के आने से पहले पूरे राज्य में तीन दिनों तक कार्यक्रम आयोजित किया जाता था।