Bihar में 10,000 लोगों को संविदा पर मिलेगी नौकरी, जानें – कब आएगा नोटिफिकेशन..

डेस्क : बिहार के बेरोजगार युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। नीतीश कुमार सरकार राज्य में 10 हजार लोगों को नौकरी देने जा रही है। इन पदों पर संविदा के आधार पर भर्तियां की जाएगी। इसके लिए अगले 1 हफ्ते के भीतर नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन मांगे जाएंगे। बताया यह जा रहा है कि अगले साल फरवरी तक यह बहाली प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। संविदाकर्मियों की नियुक्ति बिहार में चल रहे भूमि सर्वेक्षण काम के लिए किया जाएगा।

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सरकार ने भूमि सर्वेक्षण के काम को जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बड़ी संख्या में कर्मियों की भी जरूरत है। इसलिए सरकार 10 हजार पदों पर संविदा आधारित भर्तियां करने करने जा रही है। इसकी प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जल्द ही विज्ञापन जारी कर बहाली भी शुरू कर दी जाएगी।

किन पदों पर होनी हैं तैनाती? राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने यह बताया कि संविदा के आधार पर कुल 10 हजार पदों पर बहाली की जाएगी। इनमें से कुल 8200 पद अमीन के होंगे। अन्य पदों पर बंदोबस्त अधिकारी, कानूनगो और लिपिक आदि की बहाली की जाएगी। फरवरी 2023 तक इन्हें नियुक्त कर ट्रेनिंग भी दी जाएगी, जिसके बाद राज्य के विभिन्न जिलों में भूमि सर्वेक्षण के लिए तैनात भी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जमीन सर्वे के बाद चकबंदी का काम भी पूरा किया जाएगा। ये काम भी इन्हीं कर्मचारियों से ही कराया जाएगा।