बेगूसराय सहित उत्तर बिहार में मौसम ने ली करवट, अगले 24 घण्टे में तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना

न्यूज डेस्क , बेगूसराय : बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शुक्रवार से मौसम की बदली बयार ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों की सरसों, गेंहूँ की फसल अब तैयार होने को है। बेगूसराय सहित उत्तर बिहार के कई जिलों में तेज पछुआ हवा के साथ बारिश की सम्भावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की पूर्वानुमान माने तो उत्तर बिहार में अगले चौबीस घंटे के अंदर तेज हवा के साथ वर्षा भी हो सकती है।

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार के विभिन्न स्थानों पर अगले 24 घंटे के अंदर हल्की तेज हवा के साथ वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार का कहना है कि इस दौरान 9 से 12 किलोमीटर की रफ्तार से पछिया हवा चलेगी। वहीं अगले 17 मार्च तक अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के द्वारा रिकॉर्ड शुक्रवार का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस किया गया । मौसम में परिवर्तन से माहौल जरूर ठंडा हो गया है, परंतु किसानों को और आम लीची के फसलों को हवा कुछ हद तक डेमेज पहुंचा सकता है।