न्यूज डेस्क : जिले के भगवानपुर प्रखंड में आगामी 29 सितंबर को हो रहे पंचायत आम चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी है। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने हेतु विभिन्न पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है। उक्त बात की जानकारी बेगूसराय जिला अधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि पंचायत आम निर्वाचन-2021 अंतर्गत 29 सितंबर को भगवानपुर प्रखंड में शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ मतदान सुनिश्चित कराने, कमजोर वर्ग के मतदाताओं के हितों की रक्षा, विधि-व्यवस्था कार्य पर प्रभावी नियंत्रण के उद्येश्य से विभिन्न सुपर जोनल दंडाधिकारियों/जोनल दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
आगे उन्होंने बताया कि पंचायत स्तरीय चुनाव होने के कारण अभ्यर्थियों एवं मतदाताओं के बीच स्थानीय मुद्दों एवं अन्य राजनीतिक कारणों से काफी संवेदनशील होने की संभावना है। बेगूसराय जिला विभिन्न कारणों से काफी संवेदनशील रहा है ऐसे में द्वितीय चरण के मतदान वाले क्षेत्रों का अधिकांश भाग भौगोलिक रूप से दूर-दराज होने के कारण मतदान की संवेदनशीलता के प्रति विशेष सतर्कता के मद्देनजर ही सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त सुपर जोनल दंडाधिकारियों/जोनल दंडाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे मतदान के दिन प्रातः 6 बजे ही अपने निर्धारित क्षेत्र पहुंचकर विधि-व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे। तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि किसी भी पंचायत में ई.वी.एम. में खराबी होने की स्थिति में निर्धारित क्लस्टर से समन्वय कर खराब ई.वी.एम. को बदलने हेतु आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
आम चुनाव को लेकर इन पदाधिकारी को नियुक्त किया गया : जानकारी देते हुए जिला अधिकारी ने बताया कि भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत पंचायत आम निर्वाचन के सफलतापूर्वक संपादन हेतु सुपर जोनल दंडाधिकारी एवं सुपर जोनल पुलिस पदाधिकारी के रूप में सुरेंद्र प्रसाद, अपर समाहर्ता एवं महेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, सुशांत कुमार, उप विकास आयुक्त एवं सत्येंद्र कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मंझौल तथा मो. अब्दुल हामिद, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेगूसराय एवं चंदन कुमार, पुलिस पदाधिकारी, बखरी जबकि जोनल दंडाधिकारी एवं जोनल पुलिस पदाधिकारी स्वरूप अनीश कुमार, वरीय उप समाहर्ता एवं पु.नि. राम निवास, तेघड़ा अंचल, अविनाश कुणाल, अपर अनुमंडल पदाधिकारी, तेघड़ा एवं पु.नि. संजय कुमार सिंह, बखरी अचल, प्रभाकर कुमार, वरीय उप समाहर्ता एवं पु.नि. रजनीश कुमार, बरौनी अंचल, श्री ललन शर्मा, जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं दीपक कुमार, अचल पुलिस निरीक्षक, मंझौल अंचल, शशि कुमार, वरीय उप समाहर्ता एवं पु.नि. मदन कुमार सिंह, सदर अचल तथा मो. अली हैदर, कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी तथा दिनेश कुमार, अचल पुलिस निरीक्षक, बलिया अंचल को प्रतिनियुक्त किया गया है।