वीआईपी ने किया बालिका गृह में मौत मामले का सीआईडी जांच की मांग

बेगूसराय, 07 दिसम्बर : बेगूसराय जिला मुख्यालय के रतनपुर में संचालित बालिका गृह (शेल्टर होम) में तीन दिन पूर्व फंदे से लटकी लड़की की लाश मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले की सीआईडी जांच की मांग को लेकर सोमवार को विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के कार्यकर्ताओं ने वीर कुंवर सिंह चौक से ट्रैफिक चौक तक प्रतिवाद मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।

मौके पर पार्टी के युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष समीर सिंह चौहान ने कहा की कुछ महीने पहले भी बालिका गृह में मौत हुई थी‌। उस समय भी हम लोगों ने लगातार आंदोलन चलाया था। लेकिन इसके बाद भी घटना की उच्चस्तरीय जांच नहीं हो सकी। चार दिसम्बर को भी बालिका गृह में रह रही एक लड़की की मृत्यु हुई है। मृतका के परिजन बालिका गृह के प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। हमारा संगठन इस घटना की सीआईडी जांच की मांग करता है। उच्च स्तरीय जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो सके और जो दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कड़ी सजा मिले।

कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष ठाकुर कुंदन कुमार शर्मा ने किया। मौके पर जनक सिंह, ओंकार रजक, मिठाई लाल, सोनेलाल कुमार, बीरबल सहनी, मो. जब्बार, सुनील सिन्हा, अरुण सिन्हा एवं मनोज साह समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। बताते चलें कि चार दिसम्बर को बालिका गृह में फंदे से लटकी शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र स्थित मोर गांव निवासी राजीव कुमार सिंह की पुत्री गुड़िया कुमारी का शव बरामद किया गया था। जिसमें मृतिका के पिता ने आरोप लगाया है कि मेरे बेटी को बालिका गृह में लगातार टॉर्चर किया जाता था, जब फोन करते थे तो बात नहीं करायी जाती थी। इसलिए घटना की उच्चस्तरीय जांच हो। इससे पहले भी बालिका गृह मेंं रह रही एक 13 वर्षीय लड़की जहां मां बन चुकी हैै, तो कभी सांप काटने तो कभी अन्य कारणों से भी मौत होते रहता है।