डेस्क : आज देशव्यापी हड़ताल का आह्वाहन श्रमिक संगठनों ने किया है। इस हड़ताल का व्यापक असर हो सकता है। जिले में भी इसकी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। बेगूसराय जिले के सभी प्रखंडों में बैठक कर श्रम संगठन का संयुक्त मोर्चा गुरुवार को आयोजित भारत बंद को सफल बनाने की कोशिश में जुटी हुई है।
बंद को सफल बनाने के लिए मजदूर संघ के नेता आमलोगों से इसमें शामिल होने एवं केंद्र सरकार की श्रम विरोधी नीति का विरोध करने का आह्वान कर रही है। बुधवार को श्रम संगठनों का संयुक्त मोर्चा बखरी पहुंचा। 10 श्रम संगठनों के इस संयुक्त मोर्चे का नेतृत्व सीटू के राज्य सचिव सुरेश प्रसाद सिंह एवं एक्टू के बेगूसराय प्रभारी चंद्रदेव वर्मा कर रहे थे। बखरी पहुंचने पर दोनों श्रमिक नेताओं का आंबेडकर चौक पर जन पहल के संयोजक विकास वर्मा ने स्वागत किया एवं आम हड़ताल को सफल बनाने में साथ देने का भरोसा दिया।
बाद में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर आहूत राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल की सफलता के लिए एटक, सीटू, एक्टू एवं इंटक नेताओं की संयुक्त बैठक बखरी के आंबेडकर चौक पर हुई।बैठक में सीटू-एक्टू नेताओं के अलावा कांग्रेस नेता कमलेश कुमार कंचन, सुनील कुमार वर्मा, महफूज साफी, जावेद अंसारी, एआइएफएफ प्रभारी रुहुल अमीन आदि मौजूद थे। उक्त हड़ताल को बिहार में राजद का भी समर्थन मिला है।