डेस्क : बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों का कहर लगातार जारी है। बुधवार की देर शाम यहां अपराधियों ने लूटपाट के दौरान दो बाइक सवार युवक को गोली मारकर घायल कर दिया और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा दोनों युवकों को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना एनएच-31 पर बलिया थाना क्षेत्र के सदानंदपुर के समीप की है।
घायल व्यक्ति की पहचान बलिया थाना क्षेत्र के दनौली फुलवरिया निवासी विकास कुमार और रंजीत यादव के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार विकास और रंजीत एक बाइक पर सवार होकर बेगूसराय से अपने घर वापस जा रहा था। इसी दौरान सदानंदपुर ढ़ाला के समीप पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर बाइक रोक लिया और लूटपाट करने लगे। लूटपाट का विरोध करने लगा तो अपराधियों ने दोनों युवक को गोली मार दिया।
गोली लगते ही दोनों युवक घायल होकर गिर गया और अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करनेे का दावा कर रही है।