प्रधान सचिव का आया आदेश प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों के आवास पर होगी चेकिंग, गायब रहने पर गिरेगा गाज

न्यूज डेस्क , बेगूसराय : सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को अपने पदस्थापित प्रखंड मुख्यालय में स्थित आवास लेकर रहना होगा। विद्यालयों में शिक्षकों के चेकिंग की तरह अब उनके आवासीय पता पर भी चेकिंग होगी और गायब पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव ने जिलाधिकारी को दिया है। जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में प्रधान सचिव कहा है कि प्रारंभिक विद्यालयों के निरीक्षण एवं अनुश्रवण का दायित्व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का है।

लेकिन प्राप्त सूचनानुसार वे अपने पदस्थापन मुख्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते हैं तथा जिला मुख्यालय या अन्यत्र से आवागमन करते हैं। जिसके कारण विद्यालयों का निरीक्षण एवं अनुश्रवण कार्य प्रभावित होता है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों के पदस्थापन मुख्यालय का आवासीय पता जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराये गये आवासीय पता पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों का निवास सुनिश्चित कराना है। मुख्यालय में स्थायी रूप से निवास नहीं करने से सामान्य प्रशासन सबसे ज्यादा कुप्रभावित होता है। इसके मद्देनजर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को अपने पदस्थापन मुख्यालय के आवासीय पता पर निवास सुनिश्चित कराने के लिए समय-समय पर निरीक्षण किया जाना जरूरी है।

निरीक्षण के क्रम में कोई प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बगैर ठोस कारण के अपने मुख्यालय से अनुपस्थित पाये जाते हैं तो उनके विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा करने का निर्देश भी दिया गया है। जिला अधिकारी को भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को भेजी गई है, ताकि शिक्षा विभाग भी अपने स्तर से कार्रवाई कर सके।