बेगूसराय : फफौत पुल से बूढ़ीगंडक नदी की उफनाती धारा में लड़की ने लगाई छलांग, बचाने का प्रयास विफल

न्यूज डेस्क : इस वक्त की सबसे बड़ी खबर खोदाबन्दपुर थाना क्षेत्र से आ रही है। जहां अज्ञात लड़की ने पुरानी रानी साहिबा फफौत पुल से बूढ़ीगंडक नदी की उफनती धारा में छलांग लगाकर कूद गई। नदी के पानी में डूबने वाली लड़की का कुछ पता नहीं चला है। छलांग लगाने से पहले घटनास्थल पर उस लड़की द्वारा छोड़ी गयी अपनी चप्पल को स्थानीय चौकीदार ने सुरक्षित रख लिया है। घटना शुक्रवार को दिन के लगभग पौने चार बजे घटी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लगभग 15 वर्षीया एक अज्ञात लड़की अकेली नरहन बाजार की तरफ से पैदल आयी, उसने बीच पुल पर नदी की उफनती धारा में छलांग लगा दी। स्थानीय लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही वह लड़की नदी के गहरे जल में समा गयी। नदी में मछली मार रहे फफौत गांव के मरण पासवान के पुत्र सुनील पासवान एवं अन्य कई स्थानीय लोगों ने नाव की सहायता से उस लड़की को गहरे पानी में खोजने का प्रयास किया, परन्तु यह प्रयास विफल रहा। समाचार प्रेषण तक उस लड़की का कुछ अता पता नहीं चला है। लोग इस घटना के बारे में तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।।लोगों का अनुमान है कि पारिवारिक कलह या किसी अन्य कारण से उस अज्ञात लड़की ने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली।घटना की सूचना मिलते ही खोदावंदपुर पुलिस मामले की गहन जांच पड़ताल करने में जुट गये हैं।