उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से मची तबाही, कइयों के तेज बहाव में बहने की आशंका..

डेस्क : उत्तराखंड के जोशीमठ में एक ग्लेशियर टूटने से आस पास के इलाकों में पानी भरने का डर उत्पन्न हो गया है। आज सुबह रिणी में ऋषिगंगा प्रोजेक्ट के पास एक ग्लेशियर के अचानक टूटने से डैम को नुकसान पहुँचा है, जिससे भारी तबाही होने की आशंका जताई जा रही है।

भारी तबाही की आशंका- स्थानीय प्रशासन द्वारा यह बताया गया कि उन्हें तकरीबन 11 बजे रिणी गांव में ग्लेशियर टूटने की सूचना मिली है। चमोली जिले के पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है लेकिन, भारी नुकसान होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य के लिए कई टीमें रवाना की जा रही हैं, उसी के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि ग्लेशियर टूटने से ऋषिगंगा पावर प्रोजेक्ट को काफी नुकसान पहुँचा है। पुलिस ने नदी के आस पास रहने वाले लोगो को जल्दी से जल्दी सुरक्षित स्थान पे जाने के लिए कहा है। प्रशासन के मुताबिक ग्लेशियर टूटने के बाद पानी के तेज बहाव में कई मजदूरों के बहने की आशंका है।

मुख्यमंत्री करेंगे दौरा- 2013 की प्राकृतिक तबाही देख चूके उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने की खबर से हड़कंप मच गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लोगों से पैनिक ना होने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा कि “चमोली के रिणी गांव में ऋषिगंगा प्रोजेक्ट को भारी बारिश व अचानक पानी आने से क्षति की संभावना है। नदी में अचानक पाने आने से अलकनंदा के निचले क्षेत्रों में भी बाढ़ की संभावना है। तटीय क्षेत्रों में लोगों को अलर्ट किया गया है। नदी किनारे बसे लोगों को क्षेत्र से हटाया जा रहा है।” एक अन्य ट्वीट में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सूचना दी कि वो घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं।