बेगूसराय में 2 और 3 जनवरी को होगा राज्य स्तरीय हैंडबॉल चैंपियनशिप

बेगूसराय : 6 वीं बिहार राज्य स्तरीय जूनियर बालक वर्ग हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन दो एवं तीन जनवरी को बेगूसराय के भारद्वाज गुरुकुल के मैदान पर किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए पूरे बिहार को छह में बांटा गया है। जिसके पटना जोन में भोजपुर-पटना, जहानाबाद जोन में जहानाबाद-नवादा, शेखपुरा जोन में बेगूसराय-शेखपुरा, सारण जोन में सारण-सिवान, भागलपुर जोन में मुंगेर-भागलपुर तथा दरभंगा जोन में पूर्णिया-दरभंगा के बीच मुकाबला होगा। जबकि, एसओएस टीम को डायरेक्ट क्वालीफाई मिला है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए जोरदार तैयारी की जा रही है। आयोजन समिति का अध्यक्ष बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार, चेयरमैन उप मेयर राजीव रंजन, सचिव रामप्रवेश कुमार उर्फ वीरू, संयोजक बाबुल कुमार एवं कोषाध्यक्ष राज चंद्र ठाकुर को बनाया गया है। मार्गदर्शक मंडल में दुर्गेश नंदन, डॉ. अखिलेश्वर भारती, केंद्रीय विद्यालय आईओसी के डी.बी. पंकज एवं प्रवीण कुमार को रखा गया है। प्रतियोगिता का उद्घाटन बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे। सोमवार को खेल मैदान में आयोजित प्रेस वार्ता में भारद्वाज गुरुकुल के निदेशक शिव प्रकाश भारद्वाज एवं उप मेयर राजीव रंजन समेत आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि बेगूसराय में पहली बार किए जा रहे इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सभी तरह की सुविधाएं राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिता की तरह की जा रही है।

हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित प्रतियोगिता बेगूसराय के सपोर्ट और कल्चर को और बढ़ावा देगी। इसे प्रमोट कर युवाओं के एलर्जी का यूज होना चाहिए, इसके साथ ही खेल के पुराने कल्चर को बचाना और वापस लाना भी जरूरी है। खेल रोजगार का भी साधन है और मैदान में हुनर सिखाती है। प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कोरोना के मद्देनजर अधिक लोगों की भीड़ नहीं जुटाई जाएगी तथा बचाव के सभी उपाय किए जा रहे हैं।