बेगूसराय में शराब माफियाओं का विरोध सॉफ्टवेयर इंजीनियर को परा महंगा , बदमाशों ने सिर में मारी गोली

न्यूज डेस्क , बेगूसराय (सुरेंद्र) : बिहार में शराबबंदी के बाद शराब की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से सरकार और प्रशासन बार-बार कहती है कि शराब धंधेबाजों के संबंध में पुलिस को सूचना दें। लेकिन बेगूसराय में तो शराबबंदी का विरोध करने पर गोली मारने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार की रात बेखौफ शराब माफिया ने शराब बिक्री का विरोध करने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगने से घायल इंजीनियर को एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना रिफाइनरी ओपी क्षेत्र के सबौरा गांव की है। घायल की पहचान स्थानीय निवासी रामप्रवेश सिंह के पुत्र कन्हैया कुमार के रूप में की गई है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि कन्हैया गांव में शराब बिक्री का विरोध करता था। शुक्रवार की रात वह भोज खाकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। तभी गुप्ता-लखमिनियां बांध के समीप हथियार से लैस चार-पांच शराब माफिया ने उसे घेर कर रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने जेब में रखा करीब पांच हजार रुपया और हाथ से अंगूठी ले ली तथा गोली चलने लगे।

गोली चलाना शुरू करते ही कन्हैया ने भागना शुरू कर दिया, लेकिन एक गोली उसके सिर में लग गई। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े तो बदमाश भाग निकले। जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से परिजनों ने कन्हैया को बेगूसराय के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस इसे आपसी विवाद बता रही है और बदमाशों के पकड़ने का दावा किया जा रहा है।