सिक्सलेन पुल : जिलाधिकारी ने लोकडॉवन का हवाला देकर निर्माण कार्य पर लगाया है रोक

डेस्क : बेगूसराय सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया है कि केंद्र सरकार द्वारा बीहट चांदनी चौक पर अंडरपास के निर्माण हेतु विभागीय कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने बेगूसराय के लोगों से जानकारी साझा करते हुए कहा कि एनएच 31 पर फोरलेन निर्माण के कार्य के साथ-साथ कपस्या चौक से खातोपुर चौक तक एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण हेतु भी DPRO बनकर तैयार है एवं जल्द ही इसके टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी ।

उक्त फ्लाईओवर से बेगूसराय शहर के बीचोंबीच NH 31 पर जाम की समस्या से लोगों को ना केवल निजात मिलेगा बल्कि सुगम एवं सुरक्षित यातायात से लोगों के जान-माल की भी रक्षा होगी। फ्लाईओवर के निर्माण से मुख्य बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश ना होने से दुर्घटनाओं में भी व्यापक कमी आएगी।इन जानकारियों की प्राप्ति के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बेगूसराय के चतुर्दिक के विकास में जिस प्रकार से हमारे सांसद समर्पित है वह निश्चित तौर पर आने वाले वर्षों में बेगूसराय के लिए ख्यातिपूर्ण कार्यकाल होगा। ऐसी ऐसी योजनाएं जो बरसों से लोगों के मनों में पड़ी हुई थी उनका क्रियान्वयन बेगूसराय के आम जनमानस को हर्षित करेगा। साथ ही केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह जी के कार्यालय ने बताया कि बेगुसराय में गंगा नदी पर बन रहे सिक्स लेन पुल के निर्माण में हो रही देरी पर भी केंद्रीय मंत्री ने बेगूसराय जिला अधिकारी से वार्ता का प्रयास किया है।

उन्होंने बताया कि कैमूर, खगड़िया जैसे जिलों में जिलाधिकारी द्वारा एनएचएआई को नदियों के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखकर बरसात से पूर्व निर्माणाधीन सभी पुलपुलियों के सुदृढ़ीकरण हेतु कार्य करने की अनुमति प्रदान की गई है जबकि बेगूसराय जिला अधिकारी द्वारा लॉक डाउन का हवाला देकर एनएचएआई को कार्य करने की अनुमति नहीं प्रदान की जा रही है जबकि यह विदित है कि पिछले वर्ष गंगा के बढ़ते जलस्तर ने निर्माण किए हुए एक पिलर को अपने प्रवाह के साथ उसके स्थान से हटा दिया था,केंद्रीय मंत्री द्वारा पूर्व में हुए इस क्षति को देखते हुए आगामी बरसात से पूर्व एनएचएआई को कार्य करने की अनुमति देने की बात कही है जिससे निर्माण कार्य की समयावधि एवं उसके लागत को नुकसान ना पहुंचे। साथ ही उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री के सहायक अवनीश कुमार सोनू की देखरेख में एनएचएआई से जुड़े सभी मामलों का जिला प्रशासन एवं केंद्रीय मंत्री तक कोआर्डिनेशन हो रहा है।