बेगूसराय, 01 दिसम्बर : बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों मंगलवार की देर शाम एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या से आक्रोशित लोगों ने एक बदमाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। घटना सिंघौल ओपी क्षेत्र के पचम्बा गांव स्थित चौधरी पट्टी की है। मृतक की पहचान पचम्बा रामचरित्र सिंह के पुत्र भूषण सिंह के रूप में की गई है।
पकड़ा गया बदमाश भी पचम्बा निवासी ऋषभ कुमार उर्फ टाइगर बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार भूषण सिंह अपने घर के आगे टहल रहा था। उसी दौरान हथियार से लैस दो बदमाश हवाई फायरिंग कर रहा था। भूषण सिंह ने गांव में गोली चलाने का विरोध किया तो पहले उसके साथ मारपीट और मारपीट के बाद गोली मार दी। जिसके कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
गोली चलने के बाद अफरा-तफरी मच गई तथा आक्रोशित लोगों ने भाग रहे दोनों बदमाशों में से एक को खदेड़ कर पकड़ लिया। वहीं दूसरा बदमाश हथियार के साथ फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है तथा लोगों का कहना है कि पकड़ा गया बदमाश गांव वालों को बराबर परेशान करते रहता है।