बेगूसराय में सो रहे दिव्यांग बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, बहू पर लग रहा है आरोप

डेस्क : बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों का कहर लगातार जारी है। मंगलवार की देर रात मंसूरचक थाने से महज दो सौ गज की दूरी पर गणपतौल वार्ड- 13 में बदमाशों ने दरवाजे पर सोए एक बुजुर्ग दिव्यांग को गोलियों से भून डाला। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय दिव्यांग विनोद चौधरी उर्फ बिनो चौधरी के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी समेत स्थानीय थाना की पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। घटनास्थल से पांच खोखा बरामद किया गया है।

इस मामले में मृतक के पुत्र ने अपनी पत्नी ममता देवी पर पर हत्या करवाने का आरोप लगाया है। मृतक के पुत्र प्रमोद कुमार चौधरी ने बताया कि शादी के बाद से ही उसका अपने पत्नी से झगड़ा चल रहा है। पत्नी ने कई बार उसकी हत्या करवाने का भी प्रयास किया था। प्रमोद ने बताया कि 2003 में उसकी शादी बरौनी के शोकहारा में हुई थी और दो पुत्री है। लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद से ही पत्नी से मनमुटाव होने लगा। इस मामले में कई बार पंचायती हुई और मेल मिलाप करवा दिया गया। लेकिन पत्नी उसके साथ रहने के लिए तैयार नहीं थी और बार बार घर के सदस्यों की हत्या करवाने की धमकी देती थी। उसी ने अपने गुर्गों के द्वारा दरवाजे पर सोए मेरे पिता की हत्या करवाई है