बेगूसराय में आंधी व तेज वर्षा के कारण तैयार मक्का व आम-लीची की फसल बर्बाद

न्यूज डेस्क : बेगूसराय में गुरूवार की सुबह आंधी व बारिश से जिले के प्रखंडों में तैयार मक्का की फसल सहित आम-लीची की फसल को क्षति पहुंचा है। तेज हवा के कारण कई पेड़ की टहनियां टूट कर गिर गई। वहीं वर्षा से कई मुख्य सड़कों सहित , गली मुहल्ले में जलजमाव हो गया है। इस संबंध मेंं कृषि विज्ञान केन्द्र खोदावंदपुर के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉक्टर रामपाल ने बताया कि वर्षा से तैयार मक्का की फसल को नुकसान हुआ है।

काफी दिनों बाद हुई बारिश के कारण मूंग, सब्जी सहित बाकी सभी फसल को लाभ हुआ है। वहीं आंधी के कारण लीची व आम के फसल का नुकसान हुआ है।तेज हवा से आम के कुछ टिकुले भी पेड़ों से झड़ गए। लेकिन लीची के फल में मिठास आ जाएगा। इस वर्षा के बाद किसान खरपतवार नियंत्रण हेतु खेतों की गहरी जुताई करें। उन्होंने बताया कि लगातार अधिक वर्षा होने पर सब्जी सहित अन्य फसल को नुकसान पहुंच सकता है। आंधी व बारिश के बाद मौसम जरूर सुहाना हो गया लेकिन गांव की कच्ची सड़कें कीचड़ से पट गई हैं। वर्षा शुरू होने के साथ ही समाचार प्रेषण तक बिजली गायब है। इस कारण लोगों को कठिनाई का सामना करना पङ रहा है।