क्या बेगूसराय में बढ़ेगी जदयू की मुश्किलें लोजपा ने इन चार सीटों पर उतारे हैं दमदार प्रत्याशी

डेस्क : जिले की जदयू के हिस्से की चार सीटों पर जदयू को घेरने के लिए लोजपा ने प्रत्याशी उतार दिए हैं। बेगूसराय जिले की कुल सात सीटों में एनडीए के सीट बंटवारे में जेडीयू को चार और भाजपा को तीन सीटें मिली। अब लोजपा ने जद यू के हिस्से वाली चार सीटों पर प्रत्याशी उतारकर जदयू की मुश्किलें बढ़ा दी है।

बेगूसराय जिले में जदयू को चेरियाबरियारपुर, तेघड़ा, मटिहानी और साहेबपुर कमाल की सीट मिली है। जनता दल यू की इन सीटों पर अब लोजपा ने अपने दमदार उम्मीदवार उतार जदयू को एक तरह की चुनौती पेश कर दी है। भाजपा को बेगूसराय,बखरी और बछवाड़ा की सीटें गठबंधन के तहत मिली है। लोजपा ने भाजपा के क्षेत्र में प्रत्याशी खड़े नहीं किए हैं।

अब बेगूसराय जिले की जदयू हिस्से की सीटों पर लोजपा की घेराबंदी से लोजपा को कितना फायदा और जदयू को कितना नुक्सान हो पाता है ,यह जानकारी तो चुनावी रिजल्ट के बाद ही लगेगा। फिलहाल चुनाव की तपिश में लोजपा जदयू के द्वंद्व को राजनीतिक समीक्षक आंकने में लगे हैं। जिले के साहेबपुर कमाल में लोजपा के सुरेन्द्र विवेक ने महागठबंधन और एनडीए दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लोजपा उम्मीदवार सुरेन्द्र विवेक पिछले पांच बरसों से क्षेत्र की मिट्टी पकड़कर सेवा में लगे थे। अब साहेबपुर कमाल की जनता लोजपा को कहां पहुंचाती है, यह चुनावी परिणाम के बाद ही प्रकट होगा।

मटिहानी क्षेत्र में लोजपा ने कभी क्षेत्र के बेताज बादशाह रहे कामदेव सिंह के पुत्र राजकुमार सिंह को उतारा है। वे जदयू के उम्मीदवार बोगो सिंह को टक्कर देंगे। अब मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में लोजपा के दमदार कैंडिडेट की वजह से मुकाबला दिलचस्प बन गया है। महागठबंधन में यह सीट सीपीएम के हिस्से में है। इसी तरह तेघड़ा में जदयू को घेरने के लिए लोजपा ने भाजपा के यहां से पूर्व विधायक रहे ललन कुमार को मैदान में उतारकर जदयू और सीपीआई दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी है।

चेरियाबरियारपुर सीट पर लोजपा ने यहां से अपने विधायक रहे अनिल चौधरी की पतोहू राखी कुमारी को खड़ा किया है। वे क्षेत्र में लोजपा के अलावा भाजपा के आधार वोटबैंक और अनिल चौधरी के प्रभाव वाले वोट को समेटने में सफल रही तो राजद और जदयू को कड़ी चुनौती देने और जीतने की स्थिति में रहेगी। लोजपा ने जदयू की सीटों पर दमदार उम्मीदवार देकर महागठबंधन की राह को भी कहीं कहीं सूगम बना दिया है।