बेगूसराय : जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं लोग, जनप्रतिनिधि हैं संवेदनहीन और जनता डर के साये में

न्यूज़ डेस्क : बिहार में इस बार मानसून का आगमन समय से पहले हो गया।‌ लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। बता दें कि लगातार हो रही बारिश से साहेबपुर कमाल प्रखंड क्षेत्र के पंचवीर के वार्ड 16,17, 19 में बाढ़ जैसी समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों को घर से निकलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि नाला निर्माण नहीं होने से ग्रामीण गंदा पानी को पार कर आने-जाने को मजबूर है।

वही वार्ड 16 न्यु जाफंर नगर में गांव के मुख्य पीसीसी सड़क पर बारिश का पानी जम जाने से ग्रामीणों को आवागमन करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पीसीसी सड़क का निर्माण 2017 में हुआ। उसके बावजूद भी सड़क पर 3 फीट तक पानी चल रहा है। पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। पंचायत के मुखिया से कितनी बार बोला गया। इसके बावजूद भी जल निकासी का समाधान नहीं हो पा रहा है। सड़क ज्यादा नीचे होने के कारण जलजमाव की समस्या बनी रहती है। जिस कारण हमें आने-जाने में परेशानी हो रही है।

घरों से निकलना दुश्वार हो गया है। जलजमाव के कारण सबसे अधिक परेशानी गांव के महिलाओं का छोटे बच्चों को हो रहा है। पिछले कई सालों से इसी तरह बारिश में जलजमाव से हमेशा बीमारियों का खतरा बना रहता है। जिससे ग्रामीण दहशतजदा है। ग्रामीणों की मानें तो पंचायत द्वारा जलजमाव पर किसी तरह के दवा का छिड़काव भी नहीं हुआ है। जिस कारण महामारी फैलने की आशंका बनी रहती है। वही जलजमाव से प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत का सपना भी चकनाचूर हो रहा है।

दियारा क्षेत्रों में गंगा नदी उफान पर : बता दे की उधर प्रखंड क्षेत्र समस्तीपुर, बहलोरिया समेत विभिन्न इलाकों में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी है। गंगा का जलस्तर वढ़ने से विभिन्न गांवों में वाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इसे लेकर गंगा से सटे दियारा व निचले क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। खासकर, लोगों को पशुचारा की किल्लत हो गई है। किसानों को दूर दराज के क्षेत्रों से चारा का प्रबंधन करते देखा जा रहा है। ग्रामीणों की माने तो दियारा क्षेत्रों से गांव तक गंगा का पानी फैल जाने से प्रभावित क्षेत्र के लोगों की समस्या और बढ़ गई है। यहां तक कि लोगों को आवागमन में भी असुविधा हो रही है। लोगो को मुख्य सड़कों तक पहुचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।