CAA / NRC को लेकर लगातार झूठ फैला रही विपक्ष : पूर्व गन्ना राज्यमंत्री अशोक महतो

बेगूसराय बखरी : नागरिकता संशोधन कानून CAA/NRC के सर्मथन में भाजपा घर घर जाकर विपक्ष द्वारा फैलाये जा रहे झूठ का पर्दाफाश करेगी। ये बातें बिहार सरकार के पूर्व गन्ना राज्यमंत्री भाजपा नेता अशोक महतो ने कही। वे नवगठित नगर मंडल की प्रथम बैठक को संबोधित कर रहे थे। नगर अध्यक्ष अमरनाथ पाठक की अध्यक्षता में आहुत बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि भारत विभाजन के बाद पाकिस्तान और बाद में बने बांगलादेश में वहां के अल्पसंख्यकों को दारूण यंत्रणा झेलनी पङ रही थी।

अफगानिस्तान में भी हिंदु,सिक्ख,जैन,ईसाई व पारसी समुदाय के लोगों को अपना पंथ,अपना सम्मान बचाना मुश्किल हो रहा था। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी की सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून लाकर वहां से आये तथा शरणार्थी शिविरों में नारकीय जीवन जीने को विवश उन लाखों शरणार्थियों को सम्मान से जीवन जीने का अधिकार दिया है। पूर्व विधायक रामानन्द राम ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-शहर के प्रत्येक घर जाकर लोगों को जागरूक करने का काम करेगी। सीएए किसी की नागरिकता छीनने का कानून नहीं है।

बल्कि यह पाक,बांगलादेश और अफगानिस्तान के शरणार्थियों को भारत की नागरिकता प्रदान करेगी। नगर पार्षद सिधेश आर्य ने कहा कि सीएए,एनआरसी के नाम पर कतिपय स्वार्थी तत्वों द्वारा भारत में लघुमति के लोगों खास कर मुसलमानों को डराने का काम किया जा रहा है। हिन्दु और मुसलमान भारत की साझी विरासत है। किन्तु शरणार्थी और घुसपैठियों में अंतर को समझना पङेगा। भाजपा की सरकार भारत में शरणार्थियों को सम्मान से जीवन जीने का अधिकार जबकि देश की सुरक्षा के लिए खतरा बने घुसपैठियों व रोहिंग्या को निकाल बाहर करने का काम करेगी। यह पार्टी की घोषणापत्र का हिस्सा भी है,जिसके लिए जनता ने बहुमत दिया है।

नवनियुक्त नगर अध्यक्ष अमरनाथ पाठक ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता राज्य व केंद्र की सरकारों द्वारा चलाए जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक सुगमता पूर्वक पहुंचाने का काम करेगी। वहीं पार्टी के कार्यक्रमों को पूरी निष्ठापूर्वक लागू करने का भी काम करेगी एनआरसी को लेकर पार्टी द्वारा चलाये जा रहे जागरूकता अभियान के तहत नगर को कुल पांच सेक्टरों में बांटा गया है।

बखरी पूर्वी में रंजीत शर्मा, पश्चिमी में पंकज कुमार सिंह व अजीत पोद्दार, शकरपुरा में विनोद राम,रामपुर अनिल मिश्र तथा मक्खाचक में संतोष साहु को प्रभारी बनाया गया है। नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डो में 03 जनवरी से 06 जनवरी तक नागरिकता संशोधन कानून जागरूकता अभियान चलाया जायेगा।मौके पर पूर्व जिला महामंत्री पवन सिंह, विश्वनाथ केसरी, सुनील सिंह उर्फ झून बाबू,महादेव केसरी, कृष्णमोहन पोद्दार,गुड्डू केसरी,कैलाश पोद्दार, दिलीप पोद्दार आदि मौजूद थे।