बेगूसराय में वज्रपात से एक की मौत पांच घायल , परिजनों में मचा कोहराम

भगवानपुर (बेगूसराय) प्रखंड क्षेत्र के मेंहदौली गांव में प्रकृति का कहर, वज्रपात से एक की मौत तथा पांच लोगों का घायल होने का समाचार प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव में उस समय कोहराम मच गया जब लोगों को पता चला कि उक्त गांव के उत्तर में अवस्थित गाछी में वज्रपात से कई बच्चे घायल हो गए हैं। खबर मिलते ही ग्रामीणों का हुजूम उक्त गाछी के तरफ बढ़ चले। जहां एक साथ छह लोग झुलसे पड़े थे।

सभी घायलों को परिजन ग्रामीणों के सहयोग से पीएचसी भगवानपुर ले गए, जहां एक घायल किशोर को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जिसकी पहचान 17वर्षीय संजीव कुमार पिता वंशराज पासवान फुलकारी के रूप में हुई है, उक्त मृतक संजीव कुमार भगवानपुर गांव निवासी अपने नाना राजेन्द्र पासवान के यहां रहता था।

वहीं पांच अन्य घायल 30 वर्षीय राजकुमार पासवान पिता मुक्ति पासवान,10 वर्षीय विरजू कुमार पिता ललन पासवान, 18 वर्षीय धिरज कुमार पिता रविन्द्र साह ,12 वर्षीय विट्टू कुमार पिता नारायण पासवान व 8 वर्षीय खुशी कुमारी पिता अनिल पासवान उपरोक्त सभी मेंहदौली गांव निवासी को पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां तीन की गम्भीर हालत देखते हुए पीएचसी के डाक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफ़र कर दिया वहीं दो बच्चे इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं।

उक्त जानकारी पीएचसी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने दी है । घटना की सूचना मिलते ही एएसआई अजय कुमार राय व सुनिल कुमार सिंह पीएचसी भगवानपुर पहुंचे और घटना की जानकारी ली, वहीं मृत संजीव कुमार के शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण हेतू सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। घटना के बाद मृतक संजीव कुमार के परिजनों में जहां कोहराम मचा हुआ है, वहीं घायलों के घर मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।