कीर्तन सम्राट स्व विन्देश्वरी सिंह के 24वीं पुण्यतिथि पर लोगों ने किया नमन, ख्यातिप्राप्त पुरूष की स्मृतिशेष का जिले में है टोटा

न्यूज डेस्क , बेगूसराय : एक समय था जब कीर्तन सम्राट के कीर्तन की धुन सम्पूर्ण बिहार झारखंड में गूंजती रहती थी । बेगूसराय के ऐसे लाल जिन्होंने अपने कीर्तन के दम पर जिले ही नहीं राज्य स्तर पर ख्यातियाँ बटोरी । बाबजूद इसके जिला में उनके नाम पर स्मृति शेष जगहों का टोटा है। रविवार को बेगूसराय जिले के बीहट निवासी कीर्तन सम्राट स्व विन्देश्वरी सिंह की 24 वीं पुण्य तिथि थी । बेगूसराय भर में प्रबुद्धजनों व नागरिकों ने इनके पुण्य तिथि पर इनको नमन किया व याद किया ।

डीआईजी विकाश वैभव ने भी किया नमन उन्होंने ट्वीट करके लिखा की कभी संपूर्ण बिहार में जिनकी ध्वनि गुंजायमान थी, वैसे महापुरुष परम पूज्य कीर्तन सम्राट स्वर्गीय विंदेश्वरी प्रसाद सिंह जी, जिन्होंने मेरे ग्राम #बीहट (बेगूसराय, बिहार) को एक विशेष पहचान दिलाकर सदैव गौरवान्वित किया, उनकी 24 वीं पुण्यतिथि पर शत शत नमन करता हूँ ।

मंसूरचक में भी आयोजित हुआ कार्यक्रम , कीर्तन सम्राट के विरासत को आगे बढाने का संकल्प

कीर्तन सम्राट स्व.बिंदेश्वरी सिंह जी न सिर्फ बेगूसराय बल्कि बिहार के ऐसे सांस्कृतिक धरोहर थे, जिनसे प्रेरित होकर कला संस्कृति के सेवक अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।इसकी निरंतरता बनाये रखने की आवश्यकता है।ये बातें बिहार सिने आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सह हिंदी, भोजपुरी एवम मैथिली फिल्मों के चर्चित अभिनेता अमिय कश्यप ने कीर्तन सम्राट बिंदेश्वरी सिंह की पुण्यतिथि पर प्रखंड क्षेत्र के हवासपुर स्थित मानकी संगीत कला केंद्र परिसर में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए रविवार को कही।अभिनेता कश्यप ने कहा कि जो समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हैं उन्हें ही इतिहास याद करता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्र के निदेशक सह मशहूर पार्श्वगायक अजय अनंत ने किया।

उक्त अवसर पर अभिनेता अमिय कश्यप एवम अजय अनंत द्वारा कीर्तन सम्राट के पौत्र युवा सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार बादल (बीहट), शिक्षाविद देवनीति राय (नारेपुर), मनोहर सिंह (पगड़ा), साहित्यकार सत्यसंध भारद्वाज (कोनैला), सत्यजीत सोनू (पिढौली), मिंटू झा (साठा), प्रीति प्रिया (हवासपुर) एवम पूर्णिमा झा (गोरापुर) को अपने अपने क्षेत्र में विशिष्ट सामाजिक योगदान के लिए “कीर्तन सम्राट बिंदेश्वरी सिंह कला सम्मान” से सम्मानित किया गया।कलाकारों ने उक्त अवसर पर सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का संकल्प दोहराया।मौक़े पर राकेश कुमार महंथ, गायक बिट्टू अकेला, शेखर कुमार, सोनाली कुमारी, मनोरंजन झा, रागिनी, खुशबू, स्मिता कुमारी, गायत्री, उपेन्द्र कुमार, कृष्ण कुमार सहित दर्जनों कलाकार थे।