लोकआस्था का महापर्व छठ की तैयारी को लेकर नगर पंचायत की बैठक

बेगूसराय बखरी :लोकआस्था का महापर्व छठ की तैयारी को लेकर नगर पंचायत की बैठक तैलिक वैश्य भवन में संपन्न हुई।अध्यक्षता करते हुए नव निर्वाचित मुख्य पार्षद गीता देवी कुशवाहा ने कहा कि उनके नेतृत्व में नगर के सभी वार्डो का सम्यक् विकास किया जायेगा। उन्होंने सदन को भरोसा दिलाया कि विकास के कार्यों में कोई भेदभाव नहीं किया जायेगा।

नगर के सभी छठ घाटों की विशेष तौर पर साफ सफाई व बैरिकेटिंग आदि करवायी जायेगी।नगर पार्षद सिधेश आर्य ने छठ व्रतियों के घाट तक आने जाने वाले सभी मार्गों में वैकल्पिक लाइटिंग की व्यवस्था किये जाने की मांग करते हुए कहा कि पूर्व में ईसीसीएल द्वारा लगाये गये सभी एलईडी स्ट्रीट लाइट बंद पङे हैं। जबकि छठव्रतियों को उगते सूर्य को अर्ध्य देने रात में ही घरों से निकलना पङता है।

पार्षद नीरज नवीन ने श्रीविश्वबंधु पुस्तकालय पोखर की साफ सफाई तथा पानी की अल्प मात्रा का मामला उठाते हुए कहा कि एसडीएम के निरीक्षण के बाबजूद नगर प्रशासन हरकत में नहीं आया है। पोखर को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। वक्त रहते पोखर की सफाई नहीं की गयी,तो छठव्रतियों को परेशानी का सामना करना पङ सकता है।

बैठक में प्रशासनिक पदाधिकारी व कर्मियों की अनुपस्थिति पर सम्पूर्ण सदन उबला रहा।पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर प्रशासन लोकआस्था के महापर्व छठ की तैयारी को लेकर संवेदनहीन बना हुआ है।कार्यपालक पदाधिकारी बीते 23 अक्टूबर से दस दिनों की छुट्टी पर हैं।जबकि वैकल्पिक व्यवस्था के लिए किन्हीं को प्रभार नहीं दिया गया है। बैठक में मौजूद जेई दिलीप कुमार को पार्षदों के रोष का सामना करना पङा। पार्षदों ने कहा कि बिना किसी प्रशासनिक व्यवस्था के दीपावली गुजर गयी।

छठ सामने है। कार्यपालक पदाधिकारी छुट्टी पर और जेई कार्य करवाने में अक्षम साबित हो रहे हैं।ऐसे में किस प्रकार से छठ की तैयारी हो पायेगी,यह सवाल खङा होता है।बैठक का संचालन उपमुख्यपार्षद संजय कुमार सिंह मंटुन ने किया। पूर्व मुख्य पार्षद कुमारी संगीता राय, पार्षद अशोक राय, प्रवीण कुमार जय, सुबोध साहनी, उमेश रजक, मो सोहैल,मंजू देवी,रीता देवी,माधुरी सिंह सहित दिवाकर मिश्रा, विक्रम पासवान, सफाई निरीक्षक नीतीश मिश्रा, संवेदक पवन शर्मा मौजूद थे।

यह भी पढ़ें

छठ पर्व को लेकर घर लौटने लगे परदेसी, ट्रेनों में बढ़ी भीड़

व्रतियों ने अब पूजा की तैयारी शुरू कर दी है- बाजार में भी सूप-डाला और नारियल की दुकानें सज गयी हैं।