जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करना है जरूरी – डीएम अरविंद वर्मा

न्यूज डेस्क, बेगूसराय : 2021 के प्रथम जल-जीवन-हरियाली दिवस के अवसर पर पटना में आयोजित जीवन हरियाली अभियान में जन-भागीदारी परिचर्चा के सीधा प्रसारण पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन कारगिल विजय सभा भवन में किया गया । इसके अलावा सभी अनुमंडल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय एवं नगर निकायों में भी लाइव वेबकास्टिंग कर जीवंत प्रसारण किया गया। कारगिल भवन में आयोजित कार्यक्रम में डीएम अरविन्द कुमार वर्मा सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

डीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही जल-जीवन-हरियाली अभियान वर्तमान वैश्विक परिदृश्य के नजरिए से अति-महत्वपूर्ण है। जलवायु परिवर्तन का जैविक समुदाय पर पड़ने वाले प्रभावों को आसानी से महसूस किया जा सकता है। ऐसे में इस अभियान के तहत क्रियान्वित की जा रही सभी योजनाएं समग्र रूप से जल संरक्षण, जल संचयन, हरित आच्छादन आदि में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ ही उर्जा बचत, जलवायु अनुकुल कृषि को भी बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अति-महत्वाकांक्षी जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है, जिससे अभियान की सततता बनी रहे।

इस अभियान के तहत जिले में भी विभिन्न जलस्त्रोतों के जीर्णोद्धार का कार्य किया गया है तथा कई भविष्य में किए जाएंगे लेकिन जन-भागीदारी के बिना इस अभियान को व्यापकता प्रदान कर पाना चुनौतीपूर्ण है। डीएम कहा कि इस वर्ष मानसून अवधि के दौरान बिहार में पांच करोड़ पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। ताकि राज्य के वर्तमान हरित आवरण में वृद्धि होने के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का भी उपशमन किया जा सके। बेगूसराय जिलावासी भी जल-जीवन-हरियाली अभियान के उद्देश्य को समझें तथा व्यक्तिगत तौर पर भी जल संरक्षण, जल संचयन, वृक्षारोपण, उर्जा बचत आदि में अपनी महती भूमिका अदा करें।