Sikkim के नाकु ला सेक्टर में India और China के सैनिकों में झड़प,लंबे समय बाद पैदा हुए ऐसे हालात

डेस्क : नॉर्थ सिक्किम के नाकु ला सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प की एक घटना सामने आई है। यह झड़प भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई। इस झड़प में दोनों तरफ के जवान घायल हुए।सेना के सूत्रों का कहना है कि दोनों देशों के सैनिकों का इस दौरान काफी आक्रमक रवैया देखने को मिला। एक अफसर ने बताया कि इस झड़प में दोनों देशों के करीब 150 सैनिक शामिल थे। आर्मी सूत्रों ने न्यूज़ एजेंसी को बताया कि पूर्वी लद्दाख में भी 5 और 6 मई को दोनों देशों के सैनिक आमने-सामने आ गए थे, हालांकि बातचीत के बाद इस मामले को सुलझा लिया गया। यह घटना मुगुथांग के आगे नाकु ला सेक्टर में शनिवार को हुई।

यह इलाका 5000 मीटर की ऊंचाई पर है। एक अफसर ने बताया कि 4 भारतीय और 7 चीनी सैनिकों को चोट लगी है और इस झड़प में करीब डेढ़ सौ सैनिक शामिल थे। उधर, आर्मी का भी कहना है, “सीमा विवाद को लेकर भारतीय और चीन के सैनिकों के बीच अस्थाई और छिटपुट झड़पें होती रहती है। इस बार झड़प काफी लंबे समय बाद हुई है।दोनो सेनाएं इस मुद्दे को प्रोटोकॉल के तहत सुलझा लेती है।

2017 में भारत चीन के बीच तनाव बढ़ा : डोकलाम में भारत और चीन के बीच तनाव 72 दिन चला था।16 जून 2017 को दोनों सेनाएं आमने-सामने आ गई थी। दोनों सरकारों की कोशिशों के बाद यह 28 अगस्त 2017 को खत्म हुआ। तनाव की शुरुआत डोका ला जनरल इलाके में चीन और भारत की फौज में हाथापाई से हुई थी।भारतीय सेना ने वहां चीन के सैनिकों को सड़क बनाने से रोक दिया था, चीन का दावा था कि वह अपने इलाके में सड़क बना रहा था। इस एरिया का भारत में नाम डोका ला है, जबकि भूटान में इसे डोकलाम कहा जाता है।

चीन दावा करता है कि यह उसके डोंगलांग रीजन का हिस्सा है। भारत-चीन का जम्मू कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक 3488 किलोमीटर लंबा बॉर्डर है। इसका 220 किलोमीटर हिस्सा सिक्कम में आता है। अगस्त 2017 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच लद्दाख में पैनगाॅन्ग झील के पास झड़प हुई थी। दोनों देशों के जवानों ने एक दूसरे पर पत्थरों से हमला किया था।