नये साल के मौके पर बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, हालत नाजुक

न्यूज डेस्क , बेगूसराय : साल भले ही बदल गया, लेकिन बेगूसराय में अपराधियों का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार की दोपहर जब लोग नए साल के जश्न में डूबे हुए थे तो नगर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी। छाती में गोली लगने के कारण गंभीर रूप से घायल युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घायल युवक की पहचान नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर-39 निवासी अरुण मिश्र के पुत्र हर्ष कुमार के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है विष्णुपुर आरा मिल के समीप तीन चार युवक आपस में बात कर रहे थे। इसी दौरान बगल से गुजर रहे हर्ष कुमार पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। छाती में गोली लगने के बाद हर्ष के गिरते ही बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों के सहयोग से परिजनों द्वारा हर्ष को धृति जीवन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष अभय शंकर परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली, इसके बाद पुलिस अपराधी तलाश में जुट गई है। दूसरी ओर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से बाजार में दहशत का माहौल तथा आसपास के दुकान बंद हो गए हैं।