2 अक्टूबर को सभी पंचायतों में आयोजित होंगे ग्राम सभा

भगवानपुर (बेगूसराय) गांधी जयंती के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र स्थित सभी 15 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा।जिसे लेकर पंचायती राज विभाग व जिला पदाधिकारी बेगूसराय के आदेश के आलोक में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी नितिश कुमार प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों के मुखिया, सरपंच, पंचायत सचिव तथा वार्ड सदस्यों सहित अन्य संबंधित लोगों को अगले वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए ग्राम पंचायतों की विकास योजना तैयार करने को लेकर पत्र जारी किया है।

उक्त आयोजित ग्राम सभा में पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों,जीविका दीदी आदि के सहयोग से ग्राम पंचायत विकास योजना का प्रारुप तैयार किया जायेगा। अभियान के तहत आयोजित प्रथम ग्राम सभा में जीविका समूह द्वारा तैयार किए गए विलेज पावर्टी रिडक्शन प्लान व मिशन अंत्योदय में प्रदर्शित गैप पर परिचर्चा भी की जायेगी। इसके साथ ही आगामी ग्राम सभा की बैठक की भी जानकारी सभी को दी जाएगी।

विकास योजना को इ-ग्राम स्वराज पोर्टल पर 31 जनवरी 2023 तथा अपलोड भी किया जायेगा। भारत सरकार द्वारा तय किए गए सतत विकास लक्ष्य के मानकों को केंद्र में रखकर ही योजना तैयार की जायेगी। इसमें गरीबी मुक्त एवं आजीविका उन्नत गांव, स्वस्थ गांव, स्वच्छ मैत्री, स्नेही गांव,जल की प्रचुरता वाला गांव, स्वच्छ एवं हरा भरा गांव, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त गांव, सामाजिक न्याय व सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव, सुशासन युक्त गांव व गांव में समान लैंगिक विकास प्रमुख हैं। सभी पंचायत अपनी जरूरतों के हिसाब से योजना का निर्माण करेंगे।