पहले आर्टिकल 370 अब CAB और NRC पर देश की जनता को गुमराह कर रही भाजपा : कन्हैया कुमार

बेगूसराय : नागरिकता के बहस में उलझा कर आम लोगों के जीवन के असली सवालों को सरकार गुमराह कर रही है, अपनी नाकामियों को छुपाने के उद्देश्य से हर बार एक ऐसा मुद्दा ला कर जनता के बीच मे फेंकती है, जिससे लोग चर्चा में उलझे रहे। उक्त बातें आज भाकपा के राष्ट्रीय नेता डॉ कन्हैया कुमार ने साहू धर्मशाला में आयोजित कार्यकर्ता मीटिंग में संबोधित करते हुए कहा। आगे उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार देश में संवैधानिक संकट उत्पन्न करने पर तुली हुई है।

आज देश दोहरे चुनौती से गुजर रहा है, एक ओर किसानों को फसल का उचित दाम नही मिल रहा,तो दूसरी ओर नौजवान बेरोजगार हो रहे हैं, देश की जीडीपी आज ऐतिहासिक निम्न स्तर पर पहुंच चुकी है,वहीं सरकार तीन-तलाक,धारा-370,नागरिकता संसोधन बिल के शोर में रेलवे,बी एस एन एल, भारत पेट्रोलियम सहित अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को अपने चुनावी फंड देनेवाले कॉरपोरेट दोस्तों के हाथ बेच रही है।

नागरिकता संसोधन बिल पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कन्हैया ने कहा कि इस बिल की जद से भारत की कोई भी जाति अछूती नही रहेगी,बिल के नाम पर नागरिकता छिनने की तैयारी चल रही है, साथ ही इस मुद्दे को लेकर देश की जनता के दिमाग मे नकारात्मक पहलुओं को भरा जा रहा है,ताकि जनता का दिमाग इनकी नाकामियों से महफूज रहे। इन्होंने कहा हमे इस बिल के खिलाफ एकजुटता के साथ व्यापक जन गोलबन्दी करनी है। बढ़ते बलात्कार की घटना एवं कैब के खिलाफ 15 दिसम्बर को बेगूसराय कॉलेजियट स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में ज्यादे से ज्यादे संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

सांगठनिक मुद्दे पर चर्चा करते हुए डॉ कन्हैया ने कहा कि हमारी पार्टी जनता की पार्टी है, इसलिये हम हमेशा जनता के सवालों को केंद्र में रखकर राजनीतिक दिशा तय करते हैं।कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिपेक्ष्य में वामपंथियों की जबाबदेही और अधिक बढ़ गयी है,हमें जनता के बीच जाकर भाजपा के साजिश को उजागर करना होगा।सभी शाखाओं को मजबूत करने के लिये आपस मे सामाजिक संबंधों को भी समृद्ध करने की आवश्यकता है।

आगामी 26 दिसम्बर तक पार्टी सदस्यों का नवीकरण करने की प्रक्रिया पूर्ण कर लेने की बात कही।अंचल मंत्री शिव सहनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकर्ता मीटिंग में जिला कार्यकारणी सदस्य सूर्यकान्त पासवान,गढ़पुरा,नावकोठी अंचल मंत्री क्रमशः बिपिन कुमार सिंह,चंद्रभूषण चौधरी,मुखिया राजेन्द्र सहनी, रामकिशोर प्रसाद,कार्यवाहक अंचल सचिव सुरेश सहनी,सहायक अंचल सचिव संजय,जितेन्द्र जीतू,विशंभर महतों,मो सबाब,युवा कॉर्डिनेटर अमरजीत कुमार,इमरान,अशोक केशरी,विजय मुखिया सहित सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।