समूह में खेती करने वाले किसान को मिलेगी मुफ्त बोरिंग की सुविधा

छौड़ाही (बेगूसराय) : सोमवार को जिले के छौड़ाही स्थित ई किसान भवन में “प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना” के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित की गई। जिसमें कम लागत से सिंचाई के साधन के बारे मे जानकारी दी गई।

मौके पर उपस्थित किसानो को संबोधित करते हुए महिंद्रा कंपनी के एरिया मैनेजर राजेश कुमार ने ड्रिप इरिगेशन एवं मिनी स्प्रिंकलर के फायदे के बारे में बताया। उन्होंने कहा की किसानों को इसमें 90% अनुदान दिया जाता है। ड्रिप इरिगेशन लगाने से किसानों की उपज में 60% की बढ़ोतरी होती है। पानी, खाद की भी बचत होती है। कम मजदूर की जरूरत पड़ती है। साथ ही उत्पादन अधिक होता है।

उन्होंने बताया कि अगर किसान एक एकड़ खेती करता है तो उनको पटवन में कम से कम 4 घंटे का समय लगता है। 4 घंटे खुले पानी देना पड़ता है। लेकिन, ड्रिप सिस्टम से डेढ़ घंटे में ही एक एकड खेत पटवन हो जाता है। उन्होंने किसानों को सामुदायिक नलकूप योजना के बारे में भी जानकारी दी। जिसमें बताया गया कि कम से 5 किसानों का समूह तथा 6.25 एकड़ एरिया होना चाहिए। इस समूह के किसानों को बोरिंग फ्री दिया जाता है। सिर्फ किसानों को ड्रिप सिस्टम लगाने के लिए नाम मात्र का कृषक अंश देना है।

एकंबा पंचायत के किसान सलाहकार अनीश कुमार की जागरूकता पर काफी किसान इस कार्यक्रम में शामिल हुए। जिन्होंने सामुदायिक नलकूप योजना का लाभ उठाने का निश्चय किया। जिसमें रंजन कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार, शशि भूषण सिंह शामिल हैं। इन्होंने एकंबा पंचायत में कई ग्रुप का गठन किया जिसमें ड्रिप और बोरिंग करवाने का निश्चय किया है।कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड उद्यान पदाधिकारी अरविंद कुमार एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामकिशोर शर्मा ने किया। इस अवसर पर कृषि विभाग के सभी कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक तथा विभिन्न पंचायत के किसान मौजूद थे।