SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत जिलास्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक, WhatsApp ग्रुप बनाने का निर्देश

न्यूज डेस्क : जिले के कारगिल विजय सभा भवन में आज शनिवार को जिला अधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा के नेतृत्व में अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत जिलास्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आहूत की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न एजेंडों की बिंदुवार समीक्षा की। समीक्षा के उपरांत जिला कल्याण पदाधिकारी को अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों को सख्ती से लागू करने तथा प्रावधानारूप पीड़ितों को समुचित लाभ मुहैया कराए जाने संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के क्रम में ही उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को मासिक अपराध बैठक के दौरान अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज मामलों के अद्यतन स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश देने के साथ-साथ थानाध्यक्ष अनु. जाति एवं अनु. जनजाति थाना, बेगूसराय को लंबित प्रस्ताव अविलंब भेजने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान सदस्यों द्वारा इस अधिनियम के तहत दर्ज विभिन्न मामलों में आवश्यक प्रगति लाने हेतु अनुरोध किए जाने पर जिला पदाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक को अनुसूचित जाति एवं अनु जनजाति थाना, बेगूसराय में दर्ज कांड संख्या 18/2021 एवं 27/2021, चेरियाबरियारपुर थाना में दर्ज कांड संख्या 139/21 एवं फुलवड़िया थाना में दर्ज कांड संख्या 118/2021 की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जिला कल्याण पदाधिकारी को व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया: जिला पदाधिकारी ने जिलास्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति को और भी प्रभावी बनाने तथा सदस्यों के बीच सूचना गैप को कम करने के उद्देश्य से जिला कल्याण पदाधिकारी को समिति सदस्यों से युक्त एक व्हाट्सअप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया। इसी कड़ी में उन्होंने समिति के सदस्यों की मांग पर उन्हें आई-कार्ड निर्गत करने के लिए भी जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देशित किया। बैठक के दौरान समिति सदस्यों द्वारा विभिन्न अनुदानों एवं अन्यान्य मामलों में स्वीकृति भी दी गई। जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कुल 53 व्यक्तियों को मुआवजा स्वरूप 39,17,500 रुपये का अनुदान भुगतान किए जाने के साथ-साथ अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अंतर्गत 05 आश्रतों को कुल 25,685 रुपये का राशन एवं बर्तन आदि उपलब्ध कराया गया।