शताब्दी समारोह में विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

बखरी, बेगूसराय : मध्य विद्यालय बखरी के शताब्दी समारोह के दूसरे दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से शमां बांधा दिया तथा दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। देशभक्ति व आधुनिकता के तर्ज पर आधारित गीतों पर बच्चों ने अद्भुत नृत्य व सुरीले गीत के द्वारा अमिट छाप छोड़ मनमोह लिया।क्षेत्र का इस प्रख्यात राजकीय स्कूल मध्य विद्यालय बखरी के सौवें स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ स्थानीय विधायक उपेन्द्र पासवान ने फीता काट कर किया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि बखरी प्राचीन काल से ही शिक्षा की भूमि रही है। शाबर मंत्र साधिका बहुरा गोढिन की तंत्र साधना के कारण यह कामरूप कामाख्या तक प्रसिद्ध था। देश के अंदर जब आजादी की लङाई परवान पर थी,तब बखरी में स्वतंत्रता आंदोलन के साथ ही शिक्षा का भी अलख जगाया जा रहा था। और यही कारण है कि 100वर्ष पूर्व यहाँ सरकारी विद्यालय की स्थापना हो सकी। समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता नगर पार्षद सिधेश आर्य ने कहा कि कि शिक्षा ही वह अचूक हथियार है,जिसके बल पर न सिर्फ विश्व को जीता जा सकता है, वरन् मानवता का भी कल्याण हो सकता है।

वैदिक काल में भारत में जब गुरूकुल पद्धति से शिक्षा दी जाती थी,अपनी मेधा,ज्ञान-विज्ञान से वह विश्वगुरू था। नालंदा विश्वविद्यालय, तक्षशिला, विक्रमशिला हमारी समृद्ध विरासत है। कहा,आजादी के पूर्व स्थापित यह विद्यालय आजादी के बाद अपने शिक्षकों के विशिष्ट अध्यापन शैली के कारण आज भी जीवंत बना हुआ है। पूर्व मुखिया मनोहर केसरी ने कहा कि 100 वर्षों का गौरवशाली अतीत समेटे यह स्कूल कल भी देश का भविष्य गढ रही थी, और आज भी यह भावी पीढ़ी को तैयार करने का काम कर रही है।

वहीं आरएसएस के जिला संघचालक व पूर्ववर्ती छात्र मनोरंजन वर्मा ने कहा कि पुरानी नींव पर खङा यह विद्यालय न सिर्फ किताबी ज्ञान, बल्कि अपने छात्रों को नैतिक शिक्षा व कम्प्यूटर के ज्ञान से भी लैश कर रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरूण कुमार सिंह तथा संचालन जयदेव सान्याल ने किया। मौके पर स्थानीय पार्षद नीरज नवीन, प्रवीण कुमार जय, सुबोध सहनी, जद यू नेता विष्णु मालाकार, हम पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुभाष सिंह परमार, भाकपा अंचल मंत्री शिव सहनी, सुरेश सहनी,राजद नेता अशोक यादव,प्रो आनंद चन्द्र झा, हरेराम कुशवाहा,बब्बन पासवान, अनिता चौधरी, एचएम सुरेन्द्र पासवान,महेश पाठक आदि मौजूद थे।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में स्कूल के छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। अपने शानदार गीत संगीत व नृत्य के माध्यम से बच्चों ने देर शाम तक दर्शकों को बांधे रखा। वहीं विद्यालय के गौरवशाली अतीत का बखान स्कूल की छात्राओं ने अपने भाषण के माध्यम से किया। सांस्कृतिक सत्र का संचालन विद्यालय शिक्षक चंद्रजीत यादव व कृष्ण कुमार पोद्दार ने हिन्दी व अंग्रेजी में बारी-बारी से किया।

विदित हो कि कल भव्य शोभायात्रा के कार्यक्रम का आगाज़ होने के बाद दोपहर में रंगोली, चित्रांकन, कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अगले दिन शताब्दी समारोह कार्यक्रम आयोजित है जिसमें प्रदेश के मंत्री व विधायक, विधान पार्षद तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को शामिल होना है।