बेगूसराय तेघड़ा मे सीपीआई नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ पदयात्रा

बेगूसराय तेघड़ा : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की 80 वीं वर्षगाँठ के अवसर पर राष्ट्रव्यापी पदयात्रा कार्यक्रम के तहत सातवें दिन भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के द्वारा विभिन्न पंचायतों में पदयात्रा जारी है। मंगलवार को किसान नेता दिनेश सिंह के नेतृत्व में पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं का जत्था पार्टी झण्डे के साथ प्रखण्ड के गौड़ा 2 पंचायत में पदयात्रा की। इस पदयात्रा में पूर्व मुखिया अशोक सिंह, चंद्रशेखर राय, भुनेश्वर साह, रामकैलाश मिश्र, राजाराम ताँती, दीपक पासवान, परमानंद सिंह, रामप्रताप पासवान आदि शामिल थे। पदयात्रा के दौरान नेताओं ने मरसैती गाँव में विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र, स्वास्थ्य उप केन्द्र, सड़क आदि का जायजा लिया तथा उससे जुड़ी समस्याओं से अवगत हुये। इस मौके पर किसान नेता दिनेश सिंह ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते जनता बुनियादी समस्याओं से जूझने को मजबूर है। विद्यालयों में पठन पाठन की व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है। वहीं देश में हिन्दू मुस्लिम और मन्दिर मस्जिद के नाम पर उन्माद पैदा कर लोगों का ध्यान समस्याओं की ओर से भटकाया जा रहा है।