ब्रेकिंग : बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने लिया वीआरएस, विधानसभा चुनाव में बन सकते हैं एनडीए उम्मीदवार

डेस्क : बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने वीआरएस ले लिया है। गुप्तेश्वर पांडेय ने सरकार को वीआरएस के लिए आवदेन भेजा था, जिसे बिहार के राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया है। पांडेय सुशांत सिंह राजपूत मामले को लेकर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने मुंबई पुलिस की जांच पर कई सवाल उठाए थे। अब वे राजनीतिक पारी शुरु कर सकते है। एनडीए प्रत्याशी के रुप में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की बात सामने आ रही है। विधानसभा चुनाव में गुप्तेश्वर पांडेय को बक्सर या भोजपुर के किसी सीट से एनडीए का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। वे अपने पद से इस्तीफा देकर विधानसभा का चुनाव हर हाल में लड़ने जा रहे हैं।

1987 बैच के आईपीएस अधिकारी गुप्तेश्वर पांडेय का कार्यकाल पांच महीने बाद समाप्त होने वाला हैं। 31 जनवरी 2019 को उन्हें बिहार का डीजीपी बनाया गया था। राज्य के पुलिस महानिदेशक के रूप में गुप्तेश्वर पांडेय का कार्यकाल 28 फरवरी 2021 को पूरा होने वाला है। गुप्तेश्वर पांडेय ने चुनावी मैदान में उतरने की पूरी तैयारी कर ली है। बस चुनाव की तारीख ऐलान होने का इंतजार है। पांडेय अपनी 33 साल की सर्विस पूरी कर चुके हैं। एसपी से लेकर डीआईजी, आईजी और एडीजी बनने तक के सफर में गुप्तेश्वर पांडेय बिहार के 26 जिलों में काम किया हैं। 1993-94 में वे बेगूसराय और 1995-96 में जहानाबाद के एसपी रह चुके हैं। दोनों जिलों में अपने कार्यकाल के दौरान अपराधियों का खात्मा कर दिया था। इन्हें कम्यूनिटी पुलिसिंग के लिए भी जाना जाता है।

अपनी बातों को बेबाक तरीके से सबके सामने रखा था। कई बार वो खुलकर मीडिया के सामने आए थे। बिहार के युवाओं के बीच इनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है।DGP के वीआरएस लेने के बाद एसके सिंघल को बिहार का नया डीजीपी बनाये जाने की खबर है।