बेगूसराय की बेटी का वर्ल्‍ड एक्‍सपो में हुआ चयन, दुबई में जिले का नेतृत्व करेगी 10वीं की छात्रा कोमल..

न्यूज डेस्क: बेगूसराय जिले की बेटी लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में नए-नए कीर्तिमान को हासिल कर रही हैं। इसी बीच जिले के तेघड़ा नगर पंचायत निवासी सत्येंद्र यादव व मंजू देवी की पुत्री कोमल कुमारी को विदेश में आयोजित वर्ल्‍ड एक्सपो में शामिल किया गया। जो कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। जिले के कोई भी छात्रा को पहली बार किसी सरकारी रूपए खर्च पर इस प्रतियोगिता में शामिल किया गया। बता दे की विगत दिनों डीएम अरविंद कुमार वर्मा के नेतृत्व में उच्चाधिकारियों ने मैट्रिक रिजल्ट के आधार पर बेगूसराय से एक छात्रा का चयन वर्ल्‍ड एक्सपो 2021-22 के लिए किया है।

दुबई में आयोजित वल्र्ड एक्सपो के लिए रवाना होगी कोमल: जानकारी देते हुए जिला योजना पदाधिकारी उमानाथ झा ने बताया कि देश के सभी आकांक्षी जिला से एक एक विद्यार्थी का चयन वल्र्ड एक्सपो के लिए किया जाना था। भारत सरकार उस चयनित बच्चे को दुबई में आयोजित होने वाले वल्र्ड एक्सपो में भेजेगी। जबकि वीरपुर प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय खरमौली के एचएम संत कुमार सहनी की पुत्री अदिति को रिजर्व में रखा गया है।

कोमल को मैट्रिक में मिले थे 94% अंक: बता दें कि कोमल की प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय तेघड़ा एक, राजकीयकृत मध्य विद्यालय तेघड़ा बाजार हुई है। उसने राष्ट्रीय उच्च विद्यालय तेघड़ा से 2021 में मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की है। कोमल को मैट्रिक परीक्षा में 94.2 प्रतिशत अंक मिला था, इसी आधार पर उसका चयन वर्ल्‍ड एक्सपो के लिए हुआ है। कोमल पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी है। वह इंजीनियरिंग करना चाहती है। हाल ही में उसने पटना के एएन कालेज में दाखिला लिया है।

क्या है वर्ल्‍ड एक्‍सपो? बताते चलें कि यह प्रतियोगिता संयुक्त राज्य अमीरात के दुबई में आयोजित किया गया। जो अगले 6 महीने तक दुनिया के 192 देश अपनी ताकत, तकनीक और कला संस्कृति को इस एक्सपो से दुनिया को दिखाएंगे। इस बार दुबई एक्सपो में भारत का दम पूरी दुनिया देख रही है, क्योंकि भारत का पैवेलियन सबसे बड़ा है। वैसे दुबई एक्सपो 2020 में शेड्यूल था, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसे टाल दिया गया। अब ये 2021 में हो रहा है, लेकिन इसे नाम दुबई एक्सपो 2020 का ही दिया गया है।